सूर्योदय से मौसम खुशगवार, तेज हवा ने कंपाया
जागरण संवाददाता इटावा शुक्रवार को समय से सूर्योदय होने से मौसम खुशगवार हो गया। तापमान स
जागरण संवाददाता, इटावा : शुक्रवार को समय से सूर्योदय होने से मौसम खुशगवार हो गया। तापमान सुबह न्यूनतम 06 तो दोपहर में अधिकतम 19 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दोपहर से अपराह्न के मध्य 14 किमी की स्पीड से शीतलहर चलने से आवागमन करने वालों का बुरा हाल था। इसमें दो पहिया वाहन सवार ज्यादा परेशान हुए। धूप खिलने से किसानों के चेहरों पर चमक आ गई जिन्होंने जमकर खेतों में निराई-गुड़ाई का कार्य करके फसलों की देखरेख की। बाजार में भी चहल-पहल का नजारा दिखा।
बीते 22 दिनों से जारी कोहरा का प्रकोप जारी था, समय से सूरज चमके तो जनजीवन ही नहीं अपितु फसलों को भी बड़ी राहत मिली। शीतलहर चलने से आवागमन करने वाले दो पहिया वाहन सवारों को मुसीबतों का सामना करना पड़ा। अधिकतर लोगों के नाक और आंखों से पानी बहता नजर आया। सारा दिन मौसम साफ रहने से बाजारों में जमकर चहल-पहल नजर आई लोगों ने गर्म वस्तुओं की जमकर खरीदारी की। शाम होते ही वातावरण में सर्दी की सिहरन फिर से बढ़ गई जिससे अधिकांश सड़कों पर सन्नाटा सा पसर गया, लोगों ने घरों में ही दुबकने में खैर समझी।
कोल्ड अटैक से करें बचाव
सीएचसी प्रभारी बसरेहर डा. विकास सचान का कहना है कि कड़ाके की सर्दी का दौर अभी खत्म नहीं हुआ है। ऐसे मौसम में कोल्ड अटैक ज्यादा होता है। इसलिए सभी लोग इससे बचाव करें, नंगे पैर और सिर कतई नहीं निकले। गर्म कपड़ों से पूरा तन ढककर रखे। आवागमन के दौरान विशेष सजगता बरतें। वृद्धों और बच्चों पर विशेष ध्यान दें, गर्म पानी गुनगुना होने पर पीएं और पिलाएं। सांस लेने में दिक्कत हो तो तत्काल चिकित्सक से चेकअप कराएं।
उत्तरी और पश्चिमी पहाड़ी क्षेत्र में बर्फबारी और बारिश जारी है। जिससे मैदानी क्षेत्र में सुबह हल्का कोहरा छाने तथा दिन में शीतलहर चलने से कड़ाके की सर्दी का मौसम रहेगा। हालांकि अभी बारिश की संभावना नहीं है, इससे किसान सिचाई, खरपतवार, कीटनाशक छिड़काव करें।
- डा. एसएन सुनील पांडेय कृषि मौसम विज्ञानी