घने कोहरे में हेडलाइट जलाकर चले वाहन
जागरण संवाददाता इटावा रविवार को तड़के से घना कोहरा छाने से दिन में रात का नजारा
जागरण संवाददाता, इटावा : रविवार को तड़के से घना कोहरा छाने से दिन में रात का नजारा दिखा। तापमान में भी गिरावट हुई जिससे सुबह न्यूनतम सात तो दोपहर में अधिकतम 21 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कोहरा इस कदर घना था कि 10 से 15 मीटर की दूरी साफ नजर नहीं आ रही थी। वाहन चालक हेडलाइट ऑन करके काफी धीमी गति से गुजर रहे थे। अपराह्न डेढ़ बजे सूरज चमके, लेकिन भरपूर राहत नहीं दे सके, इससे लोगों ने कड़ाके की सर्दी का अहसास किया।
पहाड़ों पर फिर से बर्फबारी होने से मैदानी क्षेत्र में कड़ाके की सर्दी का सितम रविवार को तड़के से फिर से शुरू हो गया है। घना कोहरा तो छाया ही साथ ही कोहरा बर्फीला होने से लोगों को कड़ाके की सर्दी का अहसास हुआ। सूरज दिन में करीब डेढ़ बजे चमके, लेकिन राहत नहीं मिली। आसमान में छाए बादलों ने उनको भरपूर चमकने नहीं दिया। मौसम की मार से बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर चहल-पहल नहीं रही। अधिकतर लोग जरूरी वस्तुओं की खरीदारी करते हुए घरों में दुबकने को विवश हुए।
कृषि मौसम विज्ञानी डॉ. एसएन सुनील पांडेय का कहना है कि पूर्वानुमान के तहत पश्चिमी विक्षोभ सही समय सक्रिय हुआ जिससे जम्मू कश्मीर, हिमाचल व अन्य पहाड़ी क्षेत्र में बर्फबारी होने लगी है। इससे मैदानी क्षेत्र में कोहरा छाया रहेगा तथा शीतलहर चलेगी। दो-तीन दिन बाद शीतलहर का प्रकोप और ज्यादा होगा। कोहरा से फसलों को सुरक्षित रखने के लिए किसान कृषि विज्ञानियों की सलाह के अनुरूप कीटनाशक दवाओं का छिड़काव करें।
आलू में लगने लगा झुलसा रोग
संवादसूत्र, महेवा : बीते तीन दिनों से जारी कोहरा की मार से आलू की फसल झुलसा रोग की शिकार होने लगी है। किसान अरविद पाल, नरेश त्रिपाठी तथा वेदप्रकाश ने बताया कि कोहरा नहीं अपितु तुषारापात यदा-कदा हो रहा है। मौसम जल्द साफ नहीं हुआ तो आलू, सरसों तथा अन्य कई फसलों को काफी नुकसान होगा।