UP Nikay Chunav: रामगोपाल यादव ने मायावती को बताया बीजेपी की बी टीम, मुख्तार अंसारी के सवाल पर दिया ये जवाब
UP Nikay Chunav सपा के प्रमुख राष्ट्रीय महासचिव प्रो. रामगोपाल यादव ने नगर निकाय चुनाव में सपा के प्रत्याशियों की जीत का दावा किया है और कहा है कि बसपा प्रमुख मायावती भाजपा की बी टीम के रूप में काम कर रही हैं।
इटावा, जागरण संवाददाता: सपा के प्रमुख राष्ट्रीय महासचिव प्रो. रामगोपाल यादव ने नगर निकाय चुनाव में सपा के प्रत्याशियों की जीत का दावा किया है और कहा है कि बसपा प्रमुख मायावती भाजपा की बी टीम के रूप में काम कर रही हैं। कर्नाटक विधान सभा के चुनाव में कांग्रेस की सरकार बनेगी।
सैफई में अपने आवास पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि निकायों में लोगों को बेहतर सुविधा मिलनी चाहिए थी। अखिलेश सरकार में नगर पालिकाओं में बड़े पैमाने पर काम किए गए थे। आज जिधर देखो उधर गंदगी और पानी की समस्या है। इसलिए जनता का रुख सत्ता के खिलाफ है। अगर सपा के उम्मीदवार जीतेंगे तो निकायों में बेहतर व्यवस्था हो सकेगी। उनके प्रत्याशियों को हर जगह समर्थन मिल रहा है।
मायावती को बताया बीजेपी की बी टीम
उन्होंने कहा कि बसपा प्रमुख मायावती भाजपा की बी टीम के रूप में काम कर रहीं हैं। यह बात बहुत कम लोग जानते हैं। कर्नाटक के विधानसभा चुनाव में भाजपा को 30 से 40 सीटें मिल जाएं तो बहुत बड़ी बात होगी।
मुख्तार अंसारी के सवाल पर बोले...
मुख्तार अंसारी के सवाल पर उन्होंने कहा कि उनका मामला न्यायालय में चल रहा है उस पर कोई टिप्पणी नहीं करना चाहते हैं। इटावा नगर पालिका सीट से मुस्लिम प्रत्याशी का टिकट काटे जाने के सवाल पर रामगोपाल यादव ने कहा कि चुनाव में टिकट कटते रहते हैं। उनका मानना है कि इससे कोई नुकसान नहीं होगा।