मुख्यमंत्री की फ्लीट के साथ वाले सपा नेताओं पर पथराव में दो गिरफ्तार
मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की फ्लीट के पीछे चल रही सपा नेता की कार पर पथराव करने वाले दो लोग आज गिरफ्तार कर लिए गए।
इटावा (जेएनएन)। दीपावली के अवसर पर लखनऊ एक्सप्रेस-वे से मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के सैफई आगमन के दौरान उनके फ्लीट के निकल जाने के बाद पथराव की घटना हुई थी। पथराव से तीन गाडिय़ां क्षतिग्रस्त हुई थीं। चौबिया थाना क्षेत्र में हुई सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष के साथ हुई इस घटना के पांचवें दिन थाना पुलिस ने क्राइम ब्रांच की मदद से नामजद दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। शेष अभियुक्तों की तलाश में दबिश दी जा रही है।
पढ़ें- लोकप्रियता में अखिलेश ने सपा सुप्रीमो मुलायम को पीछे छोड़ा
एसएसपी एन. कोलान्चि ने बताया कि सुधीर यादव ने 29 अक्टूबर को थाना चौबिया पर सूचना दी थी कि वह अपने साथियों राजीव यादव पूर्व जिलाध्यक्ष सपा, पवन यादव पूर्व अध्यक्ष छात्र संघ, सचिन यादव, अंकुर यादव, विमलेश यादव, शकील अहमद आदि सहित इनोवा व स्विफ्ट कार से मुख्यमंत्री के आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर स्वागत हेतु चौपला कट पर खड़े थे। मुख्यमंत्री की फ्लीट निकल जाने के बाद शाम करीब साढ़े छह बजे चले तभी हाईवे कट से उतरते ही अज्ञात लड़कों द्वारा गाडिय़ों पर पत्थर मारे गए, जिससे उनकी गाडिय़ों के शीशे क्षतिग्रस्त हो गए। बुधवार दोपहर पुलिस ने दबिश देकर दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार किए गए जसवीर उर्फ छोटे और किशन यादव ने पूछताछ में शेष अभियुक्तों के बारे में जानकारी दी।