राज्य को बालिकाओं के हित में कानून बनाने का विशेषाधिकार
जासं इटावा मिशन शक्ति नारी के रूप अनेक के तहत बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ के कार्यक्रम को
जासं, इटावा : मिशन शक्ति नारी के रूप अनेक के तहत बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ के कार्यक्रम को बढ़ावा देने के लिए उच्च प्राथमिक विद्यालय शांति कॉलोनी में प्रधानाध्यापक (गाइड कैप्टन) मंजूलता राजपूत के संयोजन में बालिकाओं की सुरक्षा व संरक्षण हेतु गोष्ठी का आयोजन किया गया। उन्होंने बताया कि संविधान में राज्य को बालिकाओं के हित में कानून बनाने का विशेषाधिकार है। अनुच्छेद 275 और 300 से भेदभाव निषेध है। शशिप्रभा गाइड कैप्टन यूपीएस नगला गौर ने कहा बच्चियों की सुरक्षा केवल पेपर में, नारों में या इन दिखावटी कार्यक्रमों तक सीमित न रह जाए। इसके लिए समस्त अभिभावकों को इसकी जिम्मेदारी स्वयं आगे आकर निभानी होगी। रितुवाला तिवारी गाइड कैप्टन ने भी विचार व्यक्त किए। चित्रगुप्त इंटर कालेज में बालिकाओं को जूडो कराटे का प्रशिक्षण दिया गया। ब्लैक बेल्ट धारी अरविद कटियार, शुभि पटेल व तेजस पटेल ने विद्यालय की कक्षा 9 से 12 तक की छात्राओं को प्रशिक्षण दिया। प्रधानाचार्य डा. उमेश यादव ने कहा कि बालिकाओं को अपनी आत्मरक्षा सम्मान व स्वावलंबन के लिए चलाये जा रहे इस अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेना चाहिए। अपराध पर कानून का सहारा लें महिलाएं राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय में मिशन शक्ति कार्यक्रम के अंतर्गत छात्राओं ने पोस्टर प्रतियोगिता में उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि मंजू शाक्य एडवोकेट ने छात्राओं को संबोधित करते हुए महिलाओं के कानूनी अधिकारों के बारे में जानकारी दी। कहा कि अगर कोई भी व्यक्ति यदि उनके साथ कोई अपराध करता है या अपराध करने का प्रयास करता है तो समय रहते महिलाओं को कानून का सहारा लेना चाहिए। कार्यक्रम के शुभारंभ पर संचालक डॉ. सपना वर्मा ने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की। कार्यक्रम के प्रारंभ में डॉ. अजय दुबे नोडल प्रभारी द्वारा छात्राओं को मार्शल आर्ट के टिप्स का प्रशिक्षण दिया गया। छात्रा निशा परवीन ने अपने गीत के माध्यम से कन्या भ्रूण हत्या पर सभा को सजग किया। अध्यक्षता कर रहीं डॉ. चंद्रप्रभा ने सभी का आभार व्यक्त किया। मिशन शक्ति के तहत सैफई ब्लाक के प्राथमिक विद्यालय देवसन में एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें समेकित शिक्षा की जिला समन्वयक अर्चना सिन्हा ने बताया कि मीना मंच जनपद के प्रत्येक परिषदीय विद्यालय में संचालित है। सभी विद्यालयों में मीना मंच की सुगमकर्ताओं का प्रशिक्षण जनपद स्तर तथा ब्लॉक स्तर पर कराया जा चुका है। सभी सुगमकर्ताओं का दायित्व है कि इन गतिविधियों को विद्यालयों में निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार संचालित किया जाए। एसआरजी गुणवत्ता तथा बालिका शिक्षा मीनाक्षी पांडेय ने बताया कि बेसिक शिक्षा विभाग भी बच्चों विशेषकर बालिकाओं की सुरक्षा एवं संरक्षा के लिए कटिबद्ध है। बालिकाओं के लिए आत्मरक्षा प्रशिक्षण, मीना मंच एवं जीवन कौशल प्रशिक्षण तथा मीना कैंपेन का आयोजन किया जा रहा है। बच्चों को संवैधानिक अधिकार बुकलेट के माध्यम से कानूनी अधिकारों की जानकारी दी जा रही है। वर्तमान में प्रदेश में 15 लाख बालिकाएं मीना मंच कर नेतृत्व कर रही हैं। प्रधानाध्यापिका राजदा खातून द्वारा बच्चों को हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देने के साथ ही बालिकाओं को गुड टच बैड टच के बारे में बताया गया। मोबाइल के माध्यम से वीडियो भी दिखाया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के अध्यापकगण, एसएमसी अध्यक्ष तथा अभिभावक उपस्थित रहे। बकेवर : मिशन शक्ति अभियान के तहत लवेदी थाना में आयोजित कार्यक्रम में सीओ भरथना चंद्रपाल सिंह ने महिलाओं पर अत्याचारों के खिलाफ आवाज उठाने की बात कही। भरोसा दिलाया कि जुर्म के खिलाफ उठाए गए उनके हर कदम पर पुलिस साथ देगी। उन्होंने किसी भी शिकायत को लेकर हेल्पलाइन के बारे में जानकारी दी। थानाध्यक्ष बृजेश कुमार ने कहा कि बातों को मामूली समझकर चुप न बैठें। कभी-कभी हम जिन बातों को छोटा समझकर चुप बैठ जाते हैं, वह आगामी भविष्य में घातक साबित होती हैं। कार्यक्रम के दौरान मौजूद महिलाओं और छात्राओं से सवाल जवाब किए गए। इकदिल : थाना परिसर में सीओ सिटी राजीव प्रसाद सिंह ने महिलाओं को जागरूक करते हुए उनके सुरक्षा सम्मान व स्वावलंबन को जानकारी दी। इस दौरान महिलाओं को जागरूक बनाने के लिए सभी का आहवान किया गया। थानाध्यक्ष मदन गोपाल गुप्ता, नगर पंचायत अध्यक्ष डा. सौरभ दीक्षित, सभासद डा. सुशील सम्राट, सुशील कुमार, एसएसआई राजेश यादव, गीतम सिंह, ग्राम प्रधान सावित्री देवी, स्वाती सिंह, ममता देवी, महिला कांस्टेबल सरोज माही मौजूद रहे।