इटावा की सृष्टि निभाएंगी 'यथा राजा तथा प्रजा' फिल्म में मुख्य अभिनेत्री का किरदार
फिल्म में निभाएंगी भूमिका
इटावा की सृष्टि निभाएंगी 'यथा राजा तथा प्रजा' फिल्म में मुख्य अभिनेत्री का किरदार
जागरण संवाददाता, इटावा: शहर की रहने वाली सृष्टि दक्षिण भारतीय फिल्म में मुख्य अभिनेत्री का किरदार निभाएगी। जिससे उनके स्वजन के साथ अन्य शहर के लोगों में खुशी की लहर है।
रामलीला रोड के रहने वाले सृष्टि के पिता सुनील वर्मा ने बताया कि उनकी बेटी को बचपन से ही नृत्य का शौक था। उसने भारतीय व कथक नृत्य दोनों सीखना शुरू किया था। छात्र जीवन में ही छत्तीसगढ़ के खैरगढ़ में इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय में दाखिला दिलाया गया एवं शहर के नुमाइश पंडाल की स्टेज से लेकर प्रदेश व उड़ीसा, नेपाल में भी डांस प्रतियोगिता में प्रतिभाग किया। वर्ष 2012 में डांस इंडिया डांस लिटिल मास्टर में सृष्टि का चयन हुआ। उसके बाद फिर से डीआइडी सीनियर में चयन हुआ। जिसके बाद ईटीवी तेलगू पर डांस कार्यक्रम धीजोड़ी में चयन हुआ जिसमें सृष्टि उपविजेता रही थी। वर्ष 2019 में सृष्टि ने डी चैंपियन में प्रतिभाग किया। जहां पर सृष्टि की मुलाकात कोरियोग्राफर जानी मास्टर से हुई और उनके साथ काम करने के बाद असिस्टेंट कोरियोग्राफर बनने का मौका मिला। वर्तमान में सृष्टि दक्षिण भारतीय फिल्म यथा राजा तथा प्रजा में मुख्य अभिनेत्री का किरदार निभा रही हैं। जिसमें अभिनेता जानी वाकर हैं। यह फिल्म तीन भाषा तमिल, तेलगू व कन्नड़ में होगी।
सृष्टि को बचपन से ही डांस का शौक था एवं उनकी मां श्रद्धा वर्मा हमेशा अपनी बेटी के साथ रहीं। जहां भी सृष्टि अपनी पढ़ाई के लिए जाती थी वहां उनकी मां साथ रहीं। वे अपनी बेटी को बुलंदी पर देखना चाहती थीं। सृष्टि को फिल्म में अभिनेत्री का किरदार मिलने के बाद मां बहुत ही खुश हैं क्योंकि उनके द्वारा किया गया संघर्ष रंग लाया है। रंजीत वर्मा, गुंजा वर्मा, श्रीनिवास वर्मा सहित रिश्तेदार व शहर के तमाम लोगों ने सृष्टि को शुभकामनाएं दीं और उनके उज्वल भविष्य की कामना की।