मुठभेड़ में हत्यारोपित के पैर में लगी गोली
संवाद सूत्र बरालोकपुर (इटावा) कुकर्म के बाद 12 वर्षीय बालक की हत्या करने के आरोपी को पुलिस ने पांच साल बाद मुठभेड़ कर गिरफ्तार कर लिया। गोली लगने से बदमाश घायल हो गया। उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
संवाद सूत्र, बरालोकपुर (इटावा) : कुकर्म के बाद बालक की हत्या के आरोपित को पुलिस ने शुक्रवार शाम मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पैर में गोली लगने से घायल बदमाश को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उस पर 25 हजार रुपये का इनाम भी घोषित था। उसके पास से बाइक, तमंचा व कारतूस बरामद हुआ है।
शाम करीब पांच बजे आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे की सर्विस रोड पर नगला सवी गांव के पास थानाध्यक्ष चौबिया जीवाराम यादव वाहन चेकिग कर रहे थे। तभी एक बाइक सवार युवक को रुकने का इशारा किया तो वह ऊसराहार की तरफ भागने लगा। चौपुला चौराहे से दो किमी. दूर नगला सवी पूर्वी के पास युवक तमंचे से फायर करने लगे। जवाब में पुलिस ने भी फायरिग कर घेराबंदी कर ली। क्राइम ब्रांच प्रभारी सतीश यादव व ऊसराहार व बसरेहर थाने का फोर्स भी मौके पर पहुंच गया। मुठभेड़ के बाद बदमाश गुड्डू उर्फ अजय पुत्र नेत्रपाल सिंह निवासी जगन्नाथपुरा को गिरफ्तार कर लिया गया। एसएसपी संतोष कुमार मिश्रा ने बताया कि गिरफ्तार बदमाश पांच साल से फरार चल रहा था। उसके खिलाफ पांच साल पहले चौबिया थाना में कुकर्म के बाद बालक की हत्या का मामला दर्ज हुआ था। उन्होंने पुलिस टीम को बधाई दी। सीओ सैफई मस्सा सिंह भी मौजूद थे।