विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

इटावा सदर विधायक के वीडियो पर शिवपाल यादव का हमला, बोले- यह सत्ता का दम बोल रहा, 2027 में जनता तोड़ेगी घमंड

Published: Sat, 15 Aug 2026 11:05 PM (IST)

शिवपाल यादव ने इटावा सदर विधायक सरिता भदौरिया के प्रचलित वीडियो को लेकर भाजपा पर तीखा हमला बोला, इसे सत्ता ...और पढ़ें

सदर विधायक के वीडियो पर शिवपाल का बड़ा हमला

सदर विधायक के वीडियो पर शिवपाल का बड़ा हमला

HighLights

  1. शिवपाल ने इटावा सदर विधायक के वीडियो पर भाजपा को घेरा।

  2. कहा, यह सत्ता का घमंड है, 2027 में जनता तोड़ेगी।

  3. सपा सरकार बनने का दावा, हाईवे-यूनिवर्सिटी पर भी साधा निशाना।

जागरण संवाददाता, इटावा। जिला कोऑपरेटिव बैंक में शनिवार को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ध्वजारोहण करने पहुंचे समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने इटावा सदर विधायक सरिता भदौरिया के प्रचलित वीडियो को लेकर भाजपा पर तीखा हमला बोला।

पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि किसी गरीब ब्राह्मण युवक को विकास कार्य की बात रखने के लिए दूसरे दल के जनप्रतिनिधि के पास भी जाना पड़े तो जनप्रतिनिधि का दायित्व है कि उसकी बात सुने। सदर विधायक के वीडियो में जिस तरह की भाषा का प्रयोग किया गया, वह सुनने लायक नहीं है।

शिवपाल ने कहा कि यह सत्ता के दम पर बोली जा रही भाषा है। कोई भली महिला इस तरह की भाषा का प्रयोग नहीं कर सकती। एक तरफ भाजपा नारी वंदन की बात करती है और दूसरी तरफ उसके जनप्रतिनिधियों के इस तरह के बयान सामने आते हैं। इससे पार्टी की मानसिकता स्पष्ट होती है।

'2027 में जनता तोड़ेगी सत्ता का दम'

उन्होंने कहा कि अभी सत्ता का दम बोल रहा है, लेकिन 2027 के विधानसभा चुनाव में प्रदेश और इटावा की जनता इसी दम को तोड़ने का काम करेगी। अखिलेश यादव के नेतृत्व में प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनेगी।

तीन महीने से अधिक नहीं टिकता हाईवे-एक्सप्रेसवे

कानपुर-लखनऊ एक्सप्रेसवे को लेकर सवाल पर शिवपाल ने सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि इस सरकार में कोई भी एक्सप्रेसवे और हाईवे तीन महीने से अधिक नहीं टिकता। उन्होंने कहा कि अब सरकार की पोल पूरी तरह खुल चुकी है।

जौहर यूनिवर्सिटी के बहाने सरकार पर हमला

रामपुर की जौहर यूनिवर्सिटी के सवाल पर शिवपाल ने कहा कि आजम खां ने छात्रों के भविष्य के लिए लोगों से चंदा जुटाकर विश्वविद्यालय तैयार कराया था। इसमें सांसदों, विधायकों और अन्य लोगों ने भी सहयोग किया था।

उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय बहुत अच्छी तरह बनाया गया था। आरोप लगाया कि सरकार इसे उजाड़ने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि चाहे पेपर लीक का मामला हो या विश्वविद्यालय को नुकसान पहुंचाने का, सरकार छात्रों के भविष्य को बर्बाद करने पर तुली है।

स्वतंत्रता दिवस पर दी शुभकामनाएं

शिवपाल सिंह यादव ने 80वें स्वतंत्रता दिवस पर जिलेवासियों को शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में बैंक अध्यक्ष, बदायूं सांसद और उनके पुत्र अंकुर यादव समेत सपा कार्यकर्ता तथा बैंक का स्टाफ मौजूद रहा।

यह भी पढ़ें- 'सपा राज में पड़ी थी नकल माफिया की नींव', शिक्षा व्यवस्था पर अखिलेश यादव के सवालों का बृजलाल ने दिया जवाब