मैनपुरी लोकसभा सीट पर समाजवादी पार्टी से चुनाव लड़ेंगे मुलायम सिंह यादव
समाजवादी पार्टी के संरक्षक मुलायम सिंह यादव आगामी लोकसभा चुनाव में मैनपुरी से चुनाव लड़ेंगे। इस बारे में पार्टी निर्णय कर चुकी है।
लखनऊ, जेएनएन। समाजवादी पार्टी के संरक्षक मुलायम सिंह यादव आगामी लोकसभा चुनाव में मैनपुरी से चुनाव लड़ेंगे। इस बारे में पार्टी निर्णय कर चुकी है। यह जानकारी सपा के राष्ट्रीय महासचिव प्रो. रामगोपाल यादव ने दी। वह इटावा जिला कार्यसमिति की बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। सपा-बसपा गठबंधन के सवाल पर प्रो. रामगोपाल ने कहा कि इस बारे में उन्हें कोई जानकारी नहीं है। अखिलेश यादव और बहन मायावती ही इसका औपचारिक एलान करेंगे। हालांकि सपा-बसपा गठबंधन से कांग्रेस को दूर रखने की बात को रामगोपाल ने काल्पनिक बताया।
कांग्रेस अब अकेले मैदान में उतरेगी
इस बीच बहुजन समाज पार्टी तथा समाजवादी पार्टी में सीटों के बंटवारे को लेकर सहमति के बाद लोकसभा चुनाव 2019 को लेकर कांग्रेस भी तैयारी में है। गठबंधन को लेकर सपा-बसपा में सीटों को लेकर यहां सैद्धांतिक सहमति पर कांग्रेस ने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है। कांग्रेस अब अकेले मैदान में उतरने की तैयारी में है। सपा-बसपा की सहमति पर कांग्रेस खास तव्वजो नहीं दे रही है। कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश में लोकसभा की सभी 80 सीट पर अपने प्रत्याशी उतारने का मन बना लिया है।
गठबंधन हमारे लिए महत्वपूर्ण नहींः कांग्रेस
इस मामले में कांग्रेस नेता पीएल पुनिया की बात गौरतलब है कि कांग्रेस उत्तर प्रदेश में अकेले चुनाव लडऩे की तैयारी कर रही है। गठबंधन हमारे लिए महत्वपूर्ण नहीं है, हमारे कार्यकर्ता तैयार हैं। हमने किसी से गठबंधन की बात नहीं की है। सपा प्रवक्ता के मुताबिक आगामी लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश में गठबंधन को लेकर सैद्धांतिक सहमति बन चुकी है। इस गठजोड़ की औपचारिक घोषणा जल्द होने की संभावना है। इसी महीने इसका एलान हो सकता है। गठबंधन को लेकर अखिलेश और मायावती के बीच कई दौर की बातचीत हो चुकी है।