पारा फिर चार पर लुढ़का, सूरज चमकने पर मिली राहत
जागरण संवाददाता इटावा बीते मंगलवार की रात से अगले दिन दोपहर तक कोहरा छाने का सिलसिल
जागरण संवाददाता, इटावा : बीते मंगलवार की रात से अगले दिन दोपहर तक कोहरा छाने का सिलसिला गुरुवार को भी जारी रहा। हालांकि शहर में कोहरे का असर नहीं देखा गया। तापमान सुबह न्यूनतम 4 तो दोपहर में अधिकतम 19 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दोपहर 12 बजे सूरज के चमकने पर ही राहत मिली। इससे पूर्व कड़ाके की सर्दी से लोगों की कंपकंपी छूट रही थी। मकर संक्रांति पर्व होने से सर्दी पर लोगों की आस्था भारी पड़ी, कंपकंपी छूटने के बावजूद अधिकतर लोगों ने स्नान करके मंदिरों में जाकर पूजा-अर्चना की।
बर्फीली शीतलहर चलने से बीते सोमवार से कड़ाके की सर्दी का कहर जारी है। कोहरा छाने से देर शाम से लेकर गुरुवार दोपहर तक यातायात काफी धीमी गति से संचालित होता नजर आया। अधिकांश भारी वाहन तो ढाबों पर ही खड़े नजर आए। विवशता के तहत दो पहिया वाहनों पर आवागमन करने वालों का बुरा हाल था। हाड़कंपाऊ सर्दी होने पर भी मकर संक्राति पर्व पर श्रद्धालुओं की भक्ति प्रभावित नहीं हुई। दोपहर में सूरज चमकने पर जनजीवन को राहत मिली। जिसे देखो वहीं धूप का आनंद लेते देखा गया।
कोल्ड फ्लू से पीड़ित बाज जमीन पर गिरा
संवादसूत्र, बकेवर : महेवा विकास खंड के ग्राम खितौरा स्थित बाबा जय गुरुदेव आश्रम के समीप उड़ता हुआ बाज अचानक जमीन पर गिरने से बर्ड फ्लू के मद्देनजर लोगों में हलचल मच गई। सूचना पर मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम ने बाज को अपने कब्जे में लिया। परीक्षण में वह कोल्ड फ्लू से ग्रस्त पाया गया।
मकर संक्रांति पर्व पर सुबह बाबा जय गुरु देव आश्रम में चहल पहल थी। अचानक उड़ता हुआ बाज जमीन पर गिरने से लोग चितित हो उठे। इसकी सूचना सामाजिक वानिकी को दी गयी, जिस पर वन रेंज अधिकारी विवेकानंद दुबे अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे, जहां बाज जमीन पर पड़ा फड़फड़ा रहा था। टीम बर्ड फ्लू की आशंका के मद्देनजर बाज को बकेवर स्थित पशु चिकित्सालय लाई, जहां चिकित्सकीय जांच में बाज कोल्ड फ्लू से पीड़ित पाया गया। वन रेंज अधिकारी ने बताया कि बाज में बर्ड फ्लू जैसे कोई लक्षण नहीं हैं। वन विभाग ने बाज को अपने संरक्षण में लेकर उपचार शुरू किया है। बाज के पूर्ण स्वस्थ होने पर उड़ान के लिए मुक्त कर दिया जाएगा।