वृद्धा आश्रम के प्रबंधक,लेखाकार पर होगा मुकदमा
संवाद सहयोगी भरथना नगर के मुहल्ला गिरधारीपुरा स्थित एक गेस्ट हाउस में चल रहे वृद्धा आश्रम का बुधवार दोपहर मुख्य विकास अधिकारी राजा गणपति आर ने औचक निरीक्षण किया। दस्तावेजों में अनियमितताएं मिलने पर रजिस्टरों को सीज कर प्रबंधक एकाउंटेंट के खिलाफ सुपरवाइजर को एफआईआर दर्ज कराने का निर्देश दिया।
संवाद सहयोगी, भरथना : नगर के मुहल्ला गिरधारीपुरा स्थित एक गेस्ट हाउस में चल रहे वृद्धा आश्रम का बुधवार दोपहर मुख्य विकास अधिकारी राजा गणपति आर ने औचक निरीक्षण किया। दस्तावेजों में अनियमितताएं मिलने पर रजिस्टरों को सीज कर प्रबंधक व लेखाकर के खिलाफ सुपरवाइजर को एफआईआर दर्ज कराने का निर्देश दिया। मुख्य विकास अधिकारी ने खंड विकास अधिकारी राजेश कुमार मिश्र के साथ समाज कल्याण द्वारा संचालित वृद्धा आश्रम का औचक निरीक्षण किया। आश्रम में मौजूद वृद्धजनों की उपस्थिति रजिस्टर को चेक किया गया। जिसमें 78 लोग पंजीकृत थे। लेकिन मौके पर 26 लोगों को निवास करता हुए पाया गया। मुख्य विकास अधिकारी द्वारा वृद्धा आश्रम के मैनेजर एवं एकाउंटेंट से आश्रम के एकाउंट, स्टॉक एवं उपस्थिति रजिस्टर मांगे तो पहले तो उन्होंने गुमराह कर दिया लेकिन अधिकारी के कड़े रुख के बाद आश्रम के मैनेजर राजीव राना एवं एकाउंटेट रिषी द्वारा दस्तावेजों को प्रस्तुत किया गया। सीडीओ के निरीक्षण के दौरान कैशबुक, लेजर सहित अन्य अभिलेख पूर्णत: अधूरे एवं स्पष्ट नहीं थे। आश्रम के लिए आवंटित धनराशि डाक्टर के निजी खाते में सारी धनराशि भेजे जाने की बात सामने आई। जो पूर्णत: असंवैधानिक है। सीडीओ द्वारा आश्रम के ऊपर-नीचे तल एवं रसोई का बारीकी से निरीक्षण करने के बाद आश्रम में मौजूद वृद्धाजनों से व्यवस्था के बारे में जानकारी ली गई। जिस पर वृद्धजनों ने व्यवस्था पर असंतोष जाहिर करते हुए बताया कि उन्हें कपड़े एवं दवाइयां आदि उपलब्ध नहीं करायी जाती हैं। इस पर मुख्य विकास अधिकारी द्वारा आश्रम में तैनात कर्मचारियों की फटकार लगाते हुए सुपरवाइजर विनय कुमार को आश्रम के मैनेजर एवं एकाउंटेट के खिलाफ आश्रम में अव्यवस्थाओं व अधूरे दस्तावेजों के संबंध में एफआईआर दर्ज करने की बात कही।