जमुनापारी बकरी केंद्र से बढ़ेगी महिलाओं की आजीविका
संवाद सहयोगी चकरनगर विकास खंड चकरनगर के गांव सिडौस में नवनिर्मित जमुनापारी बकरी केंद
संवाद सहयोगी, चकरनगर: विकास खंड चकरनगर के गांव सिडौस में नवनिर्मित जमुनापारी बकरी केंद्र का सांसद डॉ. रामशंकर कठेरिया ने उद्घाटन किया। उन्होंने राष्ट्रीय आजीविका मिशन ग्रामीण के तहत संचालित समूह संगठन को जमुनापारी केंद्र हस्तांतरित करने के उपरांत उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि जमुनापारी बकरी का संरक्षण व संवर्द्धन समूह की महिलाओं द्वारा किया जा रहा प्रयास प्रशंसनीय है। इससे महिलाओं की आजीविका बढ़ेगी व क्षेत्र में विलुप्त हो रही जमुनापारी बकरियों की संख्या में फिर से बढ़ोतरी होगी।
उन्होंने पशुपालन विभाग को हर सप्ताह केंद्र का भ्रमण करके बकरियों की बीमारी संबंधी कठिनाईयों को दूर कराने का निर्देश दिया। जिला विकास अधिकारी खंड विकास अधिकारी दीनदयाल ने बताया कि केंद्र समूह की महिलाओं द्वारा संचालित किया जाएगा। जिसमें समूह की महिलाओं द्वारा ही बकरी पालन के लिए तीन लोगों को चयनित किया जाएगा, जिनको सरकार की तरफ से पांच-पांच हजार रुपये मानदेय दिया जाएगा। साथ ही सभी बकरियों का बीमा कराया जाएगा। इस मौके पर केंद्र प्रांगण में सांसद के साथ भरथना विधायक सावित्री कठेरिया ने पौधारोपण किया। कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष सत्येंद्र सिंह राजावत, निवर्तमान ग्राम प्रधान सज्जन सिंह राजावत, योगेंद्र सिंह चौहान, जिला मंत्री सचेंद्र सिंह चौहान, ग्राम सचिव विवेक यादव मौजूद रहे।
मिहोली में जमुनापारी बकरी शेड का लोकार्पण
उदी: बढ़पुरा ब्लाक के ग्राम मिहोली में मनरेगा योजना से वित्त पोषित नव निर्मित जमुना पारी बकरी शेड का लोकार्पण सांसद डॉ. रामशंकर कठेरिया एवं महिला बाल विकास समिति की सभापति सदर विधायक सरिता भदौरिया द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। सदर विधायक ने कहा कि जिला उद्योग विभाग के माध्यम से हर वर्ग के दस्तकारों को प्रशिक्षण के साथ उन्हें रोजगार देने का काम किया जा रहा है। इसी कड़ी में जमुनापारी बकरी पालन केंद्र क्षेत्र के लोगों एवं खासकर महिलाओं के लिए धनोपार्जन का साधन बनेगा। अपनी-अपनी बकरी को पालन केंद्र पर रखकर अच्छी कमाई की जा सकती है। क्षेत्र में यह ग्राम गाती के बाद दूसरा जमुनापारी बकरी केंद्र बन गया है।