अग्निशमन अधिकारी व्यापारियों का उत्पीड़न बंद करें
अग्निशमन अधिकारी व्यापारियों का उत्पीड़न बंद करें अन्यथा व्यापार मंडल उनका घेराव करेगा। यह बात व्यापारी सुरक्षा प्रकोष्ठ की पुलिस लाइन में आयोजित रविवार को बैठक में व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष शतमन्यु पुरवार ने कही।
जागरण संवाददाता, इटावा : अग्निशमन अधिकारी व्यापारियों का उत्पीड़न बंद करें अन्यथा व्यापार मंडल उनका घेराव करेगा। यह बात व्यापारी सुरक्षा प्रकोष्ठ की पुलिस लाइन में आयोजित रविवार को बैठक में व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष शतमन्यु पुरवार ने कही। उन्होंने कहा कि अग्निशमन अधिकारी की व्यापार मंडल के पास अनेकों शिकायतें आई हैं। व्यापारियों का चेकिग के नाम पर उत्पीड़न किया जा रहा है जिसे तत्काल बंद किया जाना चाहिए। बैठक में त्योहारों के मद्देनजर जिले के सभी बाजारों में सुरक्षा व्यवस्था एवं शहर में वन-वे सिस्टम लागू किए जाने की मांग रखी गई। जसवंतनगर व्यापार मंडल के अध्यक्ष सुभाष गुप्ता ने कस्बे में रामलीला के दौरान यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्था की मांग की। भरथना अध्यक्ष रज्जन पोरवाल ने भरथना में आये दिन लगने वाले जाम की समस्या को बैठक में रखा। बसरेहर अध्यक्ष अशोक पोरवाल ने कस्बे में बाईपास न होने की मांग रखी और प्रतिदिन जाम लगने की समस्या को उठाया। ऊसराहार से रवि चक्रवर्ती, सैफई से लालजी दुबे, बकेवर से बलवीर सिंह, उदी से रामकुमार शुक्ला, वैदपुरा से देवेंद्र यादव सहित अनेक पदाधिकारी मौजूद थे। एएसपी ग्रामीण ओमवीर सिंह, एसपी सिटी डा. रामयश सिंह, एसपी क्राइम महेश अत्री, सीओ सिटी चंद्रपाल सिंह, सीओ भरथना, सीओ चकरनगर सहित सभी अधिकारी मौजूद रहे।