नई मंडी में किसानों की पुलिस से झड़प, फूंके गए पुतले
जासं इटावा अखिल भारतीय किसान संघर्ष समिति द्वारा किसान विरोधी काले कानूनों को रदद करने
जासं, इटावा : अखिल भारतीय किसान संघर्ष समिति द्वारा किसान विरोधी काले कानूनों को रदद करने के लिए देशव्यापी प्रतिरोध में इटावा नई मंडी में आंदोलन के दौरान पुलिस से झड़प हो गई। एसडीएम सदर, एसपी सिटी के हस्तक्षेप से मामला शांत हुआ। ताखा तहसील में पुतला दहन को लेकर पुलिस व प्रदर्शनकारियों में तनातनी हुई। जिले में कई जगह पुतला दहन, रास्ता रोको व धरना प्रदर्शन आयोजित किए गए। प्रतिरोध को माकपा, कांग्रेस, किसान यूनियन का भी समर्थन मिला। राष्ट्रपति को ज्ञापन भेजते हुए बिलों पर हस्ताक्षर न कर संसद को पुनर्विचार हेतु लौटाने का अनुरोध किया गया।
उप्र किसान के महामंत्री मुकुट सिंह ने कृषि बिलों को काले कानूनों की संज्ञा देते हुए कड़ी आलोचना की। कहा कि इनसे खेती किसानी, मंडियां, समर्थन मूल्य, सरकारी खरीद, देश की खाद्यान्न सुरक्षा का सर्वनाश हो जाएगा। ठेका खेती की आड़ में खेती को कारपोरेटस के हवाले कर दिया जाएगा। जमाखेारी, कालाबाजारी, महंगाई से देश के सामने खाने का संकट खड़ा हो जाएगा।
आंदोलन की अध्यक्षता नई मंडी के संरक्षक शिवनाथ सिंह यादव मामा ने की। कांग्रेस के जिलाध्यक्ष मलखान सिंह यादव, किसान यूनियन के जिलाध्यक्ष संजीव, किसान मंत्री संजेश कुमार, सीटू नेता अमर सिंह शाक्य, माकपा नेता प्रेमशंकर यादव, व्यापार मंडल के महामंत्री सतीश यादव, रमेश यादव आढ़ती, पल्लव दुबे, राशिद खान, आरपी सिंह पाल, जिला संयोजक शोषण मुक्ति मोर्चा अटल बिहारी, संतोष राजपूत, इंद्रपाल सिंह आदि ने समर्थन और संबोधन किया। संचालन किसान सभा के जिला मंत्री संतोष शाक्य ने किया।