किसान सेवा सहकारी समिति में नहीं मिलती खाद
संवाद सूत्र बकेवर किसान सेवा सहकारी समिति व सहकारी संघ बकेवर को संजीवनी की दरकार
संवाद सूत्र, बकेवर : किसान सेवा सहकारी समिति व सहकारी संघ बकेवर को संजीवनी की दरकार है। समिति का भवन जर्जर होने से उसमें खाद भंडारण नहीं हो पा रहा है, जिससे किसानों को समय पर खाद-बीज नहीं मिलता है। कार्यालय में कर्मचारियों के बैठने की व्यवस्था तक नहीं है। भवन की छत व दीवारों में दरार पड़ी है। बारिश में छत से पानी का रिसाव होता है। बावजूद इसके अधिकारी कोई सुध नहीं ले रहे हैं। संघ और समिति से 45 गांव के किसान आवश्यकता पर रासायनिक उर्वरक, कीटनाशक दवाएं व बीज लेते हैं। अव्यवस्था में काम करने को विवश कर्मचारी करीब छह दशक पहले बकेवर कस्बे में समिति और संघ की स्थापना इस उद्देश्य से की गई थी कि क्षेत्र के किसानों को खाद, बीज, कीटनाशक दवाएं आसानी से उपलब्ध हो सके। लेकिन वर्तमान में संघ भवन के सभी कक्ष जर्जर हैं जो कभी भी ढह सकता है। वहीं समिति का फर्श भी पूरी तरह जर्जर है। यहां तैनात कर्मचारियों को 20 वर्ष से वेतन नहीं मिला है। गेहूं, धान की खरीदारी व खाद की बिक्री से जो कमीशन मिलता है वहीं कर्मचारियों को वेतन के रूप में दिया जाता है। सचिव राजीव गोयल ने बताया कि महेवा ब्लॉक के 45 गांव के किसानों को खाद-बीज, कीटनाशक दवाएं यहीं से मिलती हैं। आवश्यकता अनुसार खाद का भंडारण हो पाता है। जो कमरे सही हैं उसमें ही खाद रखी जाती है। समिति के भवन मरम्मत के लिए कई बार उच्चाधिकारियों को पत्र लिखा गया है।