इटावा के शेखूपुर जखौली में बनेगा रेलवे अंडरपास, रेल मंत्रालय ने दी मंजूरी; कई गांवों को होगा फायदा
रेल मंत्रालय ने सदर विधायक सरिता भदौरिया की पहल पर इटावा के शेखूपुर जखौली में दिल्ली-हावड़ा रेल मार्ग पर अंडरपास बनाने की आधिकारिक स्वीकृति दे दी है।

इस फोटो को AI के माध्यम से तैयार किया गया है।
HighLights
शेखूपुर जखौली में रेलवे अंडरपास निर्माण को रेल मंत्रालय ने दी मंजूरी।
सदर विधायक सरिता भदौरिया के प्रयासों से ग्रामीणों को मिली बड़ी राहत।
यह अंडरपास कई गांवों के लिए आवागमन को बनाएगा आसान व सुरक्षित।
जागरण संवाददाता, इटावा। विकास खंड बढ़पुरा की ग्राम पंचायत शेखूपुर जखौली में रेल मंत्रालय ने सदर विधायक सरिता भदौरिया की पहल पर दिल्ली- हावड़ा रेल मार्ग पर अंडरपास बनाए जाने की अधिकारिक स्वीकृति प्रदान कर दी है।
यह जानकारी मिलने पर ग्रामीणों के चेहरे खुशी से खिल गए हैं और उन्होंने एक दूसरे को गले लगाकर बधाई देते हुए सदर विधायक और रेल मंत्रालय का आभार व्यक्त किया है।
गौरतलब हो कि कई गांवों के ग्रामीणों ने अंडरपास बनाए जाने की मांग को लेकर 13 दिनों तक धरना प्रदर्शन किया था। परेशान कई ग्रामों के लोगों ने पिछले दिनों धरना प्रदर्शन किया था।
लंबे समय से हो रही थी मांग
धरना प्रदर्शन में कई विपक्षी दलों के नेताओं के अलावा सदर विधायक सरिता भदौरिया भी मौके पर पहुंची और उन्होंने अंडरपास बनाए जाने का आश्वासन दिया था। ग्रामीणों की समस्या को लेकर उन्होंने 11 सितंबर को रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखकर शेखूपुर जखौली में अंडरपास का निर्माण कराए जाने की मांग की थी।
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने पोल संख्या 1148/22 के पास रेलवे अंडरपास के निर्माण की स्वीकृति जारी कर दी। रेल मंत्री द्वारा भेजे गए पत्र की जानकारी होते ही ग्रामीणों के चेहरे खिल उठे।
यह भी पढ़ें- 100-200 नहीं; 4500 साल पुरानी हैं मांडी में मिलीं 3000 स्वर्ण मुद्राएं, गंगा घाटी सभ्यता के मिले ऐतिहासिक प्रमाण
समाजसेवी एव मिशन संयोजक दीपक राज ने बताया कि क्रासिंग बंद रहने या मार्ग न होने की वजह से ग्रामीणों को काफी परेशानी होती थी। अंडरपास बनाए जाने की मांग को लेकर 13 दिनों तक धरना प्रदर्शन चला, जो सदर विधायक के आश्वासन पर समाप्त हुआ था।
यह भी पढ़ें- यूपी के पंचायत सहायकों का मानदेय बढ़ा, योगी सरकार DBT के माध्यम से सीधे खातों में भेजेगी पैसे
उन्होंने कहा कि अंडरपास बनने से गांव इंधौआ, शेखूपुर जखौली, महानेपुर, केशोपुर, महातुआ, नगला बढ़ईयान, नगला शंकर के ग्रामीणों का शेखपुर जखौली और आसपास के गांवों का आवागमन आसान और सुरक्षित हो जाएगा। किसानों को अपनी फसल मंडी तक पहुंचाने और स्कूली बच्चों को समय पर विद्यालय पहुंचने में सहूलियत होगी।
