विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

त्योहारों से पहले महंगे होंगे कपड़े और जूते, खरीदारी के लिए ज्यादा खर्च होगा ग्राहकों का बजट

Published: Thu, 01 Oct 2026 08:45 PM (IST)

त्योहारों और शादी के सीजन से पहले कपड़े और फुटवियर के दाम 7-8% बढ़ने की आशंका है, जिससे व्यापारियों की चिंता बढ़ गई है।

News Article Hero Image

HighLights

  1. कपड़े और फुटवियर के दाम 7-8% बढ़ने की आशंका।

  2. त्योहारों और शादी के सीजन से पहले बढ़ेगी महंगाई।

  3. व्यापारियों को बिक्री घटने और ग्राहकों को अधिक खर्च की चिंता।

जागरण संवाददाता, इटावा। त्योहार और शादी-विवाह के सीजन से पहले कपड़े और फुटवियर के सात से आठ प्रतिशत तक महंगे होने की संभावनाओं ने कारोबारियों की चिंता बढ़ा दी है। त्योहारों पर नए कपड़े और जूते-चप्पल खरीदने के लिए बाजार में बड़ी संख्या में ग्राहक पहुंचते हैं।

ऐसे में कीमतों में बढ़ोतरी होने पर जहां कारोबारियों को बिक्री प्रभावित होने की चिंता है, वहीं ग्राहकों को भी त्योहार की खरीदारी के लिए पहले की तुलना में अधिक बजट खर्च करना पड़ सकता है।

त्योहार पर खरीद करते हैं लोग

आगामी दिनों में नवरात्र, दशहरा, दीपावली समेत कई प्रमुख त्योहार आने वाले हैं। इसके साथ ही शादी-विवाह का सीजन भी शुरू होगा। त्योहार पर लोग परिवार के सदस्यों के लिए नए कपड़े खरीदने के साथ ही जूते-चप्पल और अन्य फुटवियर की भी खरीदारी करते हैं।

खासकर रेडीमेड कपड़ों की दुकानों और फुटवियर बाजार में त्योहार के दौरान भीड़ बढ़ जाती है। ऐसे में यदि कपड़े और फुटवियर के दाम सात से आठ प्रतिशत तक बढ़ते हैं तो इसका सीधा असर ग्राहकों की खरीदारी और बाजार के कारोबार पर पड़ने की आशंका है।

बजट के अनुसार विकल्प

रेडीमेड कपड़ा व्यापारी अली का कहना है कि त्योहार और शादी का सीजन साल के प्रमुख बिक्री वाले समय में शामिल होता है। ग्राहक इस दौरान परिवार के लिए एक साथ कई कपड़ों की खरीदारी करते हैं।

कीमत बढ़ने पर एक ही बजट में कम सामान आएगा। इसका असर खरीदारी की मात्रा पर पड़ सकता है। कुछ ग्राहक महंगे ब्रांड या अधिक कीमत वाले कपड़ों के बजाय बजट के अनुसार विकल्प तलाश सकते हैं।

फुटवियर की मांग भी बढ़ती है

वहीं, जूते-चप्पल विक्रेता अनीस के मुताबिक त्योहार पर कपड़ों के साथ फुटवियर की मांग भी बढ़ती है। यदि कीमतों में सात से आठ प्रतिशत की बढ़ोतरी होती है तो ग्राहकों को एक जोड़ी फुटवियर के लिए भी अतिरिक्त राशि खर्च करनी होगी।

परिवार के कई सदस्यों के लिए खरीदारी करने वालों पर इसका असर और अधिक दिखाई दे सकता है। व्यापारियों को आशंका है कि महंगाई बढ़ने पर ग्राहक जरूरत और बजट के हिसाब से खरीदारी सीमित कर सकते हैं।