इटावा के DFO और चालक की मौत, तीन घायल; आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर हुआ भीषण हादसा
आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर हुए भीषण हादसे में इटावा के जिला वन अधिकारी (डीएफओ) विकास नायक और उनके चालक की मौत ...और पढ़ें

मृतक की फाइल फोटो।
HighLights
इटावा के डीएफओ विकास नायक और चालक की हादसे में मौत।
आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर एक्सयूवी-700 और स्कार्पियो की टक्कर।
हादसे में गंभीर घायल तीन लोगों का सैफई में उपचार जारी।
जागरण संवाददाता, इटावा। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर मंगलवार को फिरोजाबाद के नगला खंगर थाना क्षेत्र में किलोमीटर संख्या 69 पर हुए हादसे में इटावा के जिला वन अधिकारी (डीएफओ) विकास नायक और उनके चालक देवांश की मौत हो गई। हादसे में डीएफओ के साथ कार में सवार 65 वर्षीय केशवती गंभीर रूप से घायल हो गईं। दूसरी गाड़ी में सवार पति-पत्नी भी घायल हुए हैं। तीनों घायलों का उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय, सैफई में उपचार चल रहा है।
पुलिस के अनुसार, राजस्थान के नागौर जिले के मूल निवासी 36 वर्षीय विकास नायक अपनी एक्सयूवी-700 से चालक 25 वर्षीय देवांश और 65 वर्षीय केशवती पत्नी जगदीश सिंह के साथ लखनऊ से नोएडा की ओर जा रहे थे। नगला खंगर थाना क्षेत्र में किलोमीटर संख्या 69 पर उनकी गाड़ी हादसे का शिकार हो गई।
दुर्घटना में विकास नायक और चालक देवांश की मौत हो गई, जबकि केशवती गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें उपचार के लिए सैफई भेजा गया।
डीएफओ की एक्सयूवी-700 और स्कॉर्पियो की टक्कर
हादसे में दूसरी गाड़ी स्कॉर्पियो में सवार 61 वर्षीय डेविड ब्रेन डिसूजा और उनकी 59 वर्षीय पत्नी ममता डिसूजा भी घायल हुई हैं। दोनों राजारहाट, उत्तर कोलकाता, पश्चिम बंगाल के रहने वाले हैं और गुरुग्राम से लखनऊ की ओर जा रहे थे। दोनों का भी सैफई स्थित उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय में उपचार चल रहा है।
यह भी पढ़ें- उत्तर प्रदेश विधान परिषद चुनाव 2026: भाजपा ने 6 प्रत्याशी किए घोषित, गोरखपुर-फैजाबाद से ध्रुव त्रिपाठी को मौका
तीन लोग गंभीर घायल, सैफई में उपचार जारी
हादसे की सूचना मिलते ही एक्सप्रेसवे सुरक्षा टीम और पुलिस मौके पर पहुंच गई। डीएफओ कार्यालय के अधिकारी और कर्मचारी भी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी जांच की जा रही है।
