विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दीपावली पर घर जाने की राह मुश्किल; महानंदा, पूर्वा और कैफियत समेत कई ट्रेनों में लंबी वेटिंग

Published: Wed, 28 Oct 2026 11:22 AM (IST)

दिवाली पर घर जाने वाले यात्रियों को ट्रेनों में सीट मिलना मुश्किल हो गया है। दिल्ली, गाजियाबाद और नोएडा से ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक तस्वीर

प्रतीकात्मक तस्वीर

HighLights

  1. दिवाली पर ट्रेनों में सीट मिलना हुआ बेहद मुश्किल।

  2. कई एक्सप्रेस ट्रेनों में लंबी वेटिंग, 'नो रूम' स्थिति।

  3. यात्रियों को यात्रा योजना बनाने से पहले जांचने की सलाह।

जागरण संवाददाता, इटावा। दिवाली पर घर पहुंचकर त्योहार मनाने की तैयारी कर रहे यात्रियों की मुश्किलें बढ़ने लगी हैं। दिल्ली, गाजियाबाद और नोएडा से इटावा होकर कानपुर, लखनऊ और बिहार जाने वाली प्रमुख एक्सप्रेस ट्रेनों में सीटों के लिए मारामारी है।

12 नवंबर तक की आईआरटीसी टिकट स्थिति में कई ट्रेनों में लंबी वेटिंग दिखाई दे रही है, जबकि कुछ में नो रूम की स्थिति है। ऐसे में जिन यात्रियों ने अब तक कन्फर्म टिकट नहीं कराया है, उनके लिए त्योहार पर घर पहुंचना चुनौती बन सकता है।

दिल्ली से आने वाली गोमती, पूर्वा, कालका, महानंदा, ऊंचाहार, कैफियत और वैशाली एक्सप्रेस जैसी ट्रेनों में यात्रियों को आरक्षित सीट मिलने में परेशानी हो रही है। त्योहार पर घर जाने वालों की भीड़ के बीच स्पेशल ट्रेनों में भी राहत के संकेत नहीं मिल रहे हैं। लंबी दूरी की इन ट्रेनों से इटावा के अलावा कानपुर, लखनऊ और बिहार जाने वाले यात्रियों को पहले से यात्रा की योजना बनानी होगी।

महानंदा में 218, पूर्वा में 129 वेटिंग

आईआरटीसी पर उपलब्ध टिकट स्थिति के अनुसार, महानंदा एक्सप्रेस में 218, पूर्वा एक्सप्रेस में 129, ऊंचाहार एक्सप्रेस में 90, कालका एक्सप्रेस में 81 और कैफियत एक्सप्रेस में 71 की वेटिंग दिखाई दे रही है।

आगरा-बनारस वंदे भारत एक्सप्रेस में 76, जोधपुर-हावड़ा एक्सप्रेस में 74 और बीकानेर-हावड़ा एक्सप्रेस में 32 की वेटिंग है। वहीं, वैशाली एक्सप्रेस में नो रूम की स्थिति दर्ज है। इन आंकड़ों से साफ है कि त्योहार के दौरान पसंदीदा ट्रेन में कन्फर्म टिकट हासिल करना आसान नहीं होगा।

स्पेशल ट्रेनों में भी सीटों का संकट

त्योहार पर अतिरिक्त यात्रियों को देखते हुए चलाई जा रही स्पेशल ट्रेनों में भी टिकट की उपलब्धता सीमित है। ट्रेन संख्या 04072 फेस्टिवल एक्सप्रेस में नो रूम दिख रहा है, जबकि ट्रेन संख्या 04813 बख्तियार स्पेशल में 160 की वेटिंग है। इससे यात्रियों के सामने विकल्प तलाशने की चुनौती और बढ़ गई है।

कन्फर्म टिकट देखकर ही बनाएं यात्रा की योजना

दिवाली पर घर जाने की तैयारी कर रहे यात्रियों को सलाह है कि टिकट बुक करने से पहले IRCTC पर संबंधित ट्रेन की ताजा स्थिति जरूर जांच लें। वेटिंग टिकट के कन्फर्म होने की कोई गारंटी नहीं होती।

यात्रियों को दूसरी ट्रेनों, उपलब्ध स्पेशल सेवाओं और यात्रा के वैकल्पिक साधनों पर भी नजर रखनी चाहिए। त्योहार के नजदीक आने के साथ टिकटों की स्थिति बदल सकती है, इसलिए यात्रा की योजना अंतिम समय पर बनाने से बचना बेहतर होगा।

यह भी पढ़ें- रेलवे टिकट बीमा योजना शुरू: 45 पैसे में 10 लाख का कवर, कैशलेस भुगतान पर लाभ