सांसद की अगुवाई में यमुना घाटों की हुई सफाई
जागरण संवाददाता इटावा नमामि गंगे योजना के तहत रविवार को सांसद प्रो. रामशंकर कठेरिय
जागरण संवाददाता, इटावा : नमामि गंगे योजना के तहत रविवार को सांसद प्रो. रामशंकर कठेरिया की अगुवाई में यमुना नदी के किनारे सफाई अभियान चलाया गया। इसमें नगर पालिका परिषद, जिला प्रशासन व सामाजिक संस्थाओं ने भी योगदान किया।
इस दौरान प्रो. रामशंकर कठेरिया ने कहा कि नमामि गंगे के तहत नदियों की सफाई का अभियान चलाया जा रहा है। इसमें सरकार द्वारा कई प्रोजेक्ट चलाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि बिना सामाजिक जागरूकता के कोई भी सफाई अभियान सफल नहीं हो सकता है। घरों से निकलने वाला गंदा पानी नालों के माध्यम से नदियों में जाता है। जिससे नदियां प्रदूषित हो रहीं हैं। यमुना नदी बहुत ही पवित्र नदी है और पर्यावरण की दृष्टि से बहुत महत्वपूर्ण है। इसलिए इसे साफ रखना हम सब का कर्तव्य है।
अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद अनिल कुमार ने बताया कि जिले में 44 करोड़ की लागत से 32 एमएलडी का जल शोधन प्लांट उमरैन में बनाया जा रहा है, जो अप्रैल माह में शुरू हो जाएगा। इसके लिए नगर में बड़े स्तर पर नालों का निर्माण कराया जा रहा है। जिससे घरों से निकला गंदा पानी सीधे नदी में न जाकर प्लांट में जाएगा। जिसे साफ करके नदी में छोड़ा जाएगा। इस सफाई अभियान में सांसद के साथ पालिका अध्यक्ष नौशाबा फुरकान, पूर्व अध्यक्ष फुरकान अहमद, उपजिलाधिकारी सदर सिद्धार्थ, पर्यावरण एवं समाज कल्याण समिति, मुख्य सफाई निरीक्षक आनंद कुमार, सोसायटी फॉर कंजर्वेशन ऑफ नेचर सहित कई संस्थाओं ने भाग लिया।
सामाजिक एवं मानव सेवा समिति के प्रांतीय अध्यक्ष सौम्य वर्मा तरुन, जिला मीडिया प्रभारी रवि प्रकाश, नगर अध्यक्ष अभिषेक कटियार, संजीव पाल, आलोक, अंशुल ने श्रमदान किया।