वीडियो बनाने पर प्रधानाध्यापिका व युवती में मारपीट
संवाद सूत्र, इकदिल : क्षेत्र के ग्राम कुशगवां बादशाहपुर के प्राथमिक विद्यालय में बच्चों द्वारा झाड़
संवाद सूत्र, इकदिल : क्षेत्र के ग्राम कुशगवां बादशाहपुर के प्राथमिक विद्यालय में बच्चों द्वारा झाड़ू लगाए जाने को लेकर एक युवती द्वारा उसका वीडियो बनाए जाने को लेकर प्रधानाध्यापिका से हाथापाई व मारपीट हो गई। सूचना मिलने पर विद्यालय में पुलिस पहुंच गई। बताया गया है कि शिवानी गौतम पुत्री शिव कुमार निवासी ककरैया अपने आपको क्षेत्रीय पत्रकार बताकर शनिवार को विद्यालय में पहुंच गई। उस समय कुछ बच्चे विद्यालय में झाड़ू लगा रहे थे। वह उनकी वीडियो बनाने लगी। इस पर प्रधानाध्यापिका शैलेश कुमारी ने एतराज जताया और दोनों में मारपीट हो गई। मामले में उसने थाना में तहरीर दी। जबकि प्रधानाध्यापिका शैलेश कुमारी ने भी थानाध्यक्ष को दी गई तहरीर में बताया कि शिवानी उनके विद्यालय में किसी चैनल का पत्रकार बता कर घुस आई और उसके साथ गाली गलौज करते हुए हाथापाई की। गांव के कुछ लोग भी उसके साथ थे। उन्होंने सूचना पुलिस को दी। उसने सरकारी कार्य में बाधा डाली। थानाध्यक्ष सुशील कुमार योगी ने बताया कि मामला आपसी मारपीट का था। दोनों पक्षों को समझाकर वापस कर दिया गया। कोई मुकदमा दर्ज नहीं किया गया। उन्होंने बताया कि युवती किसी भी चैनल की पत्रकार नहीं थी।