चंबल नदी में किशोर के न मिलने पर लगाया जाम
संवाद सहयोगी चकरनगर कार की टक्कर से चंबल नदी में गिरे किशोर का दूसरे दिन भी सुराग
संवाद सहयोगी, चकरनगर : कार की टक्कर से चंबल नदी में गिरे किशोर का दूसरे दिन भी सुराग न लगने से आक्रोशित लोगों ने पुल पर जाम लगा दिया। जाम में सैकड़ों गाड़ियां और यात्री दो घंटे तक फंसे रहे। इस दौरान पुलिस और भीड़ में कई बार झड़प हुई। तब एसडीएम के तीखे तेवर देख जाम खुल सका। मैनपुरी के करहल थाना के गांव कुरियन निवासी सर्वेश यादव अपने 16 वर्षीय पुत्र देवांशु उर्फ देवा के साथ बुधवार रात सहसों थाना के गांव सिरसा से घर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान चकरनगर थानातंर्गत चंबल पुल पर कार की टक्कर से देवांशु नदी में गिर गया था। एसडीएम सत्य प्रकाश मिश्र ने आगरा से पीएसी टीम बुलाकर किशोर की तलाश में सर्च अभियान चलवाया। घटना के दूसरे दिन भी किशोर का सुराग न मिलने से नाराज स्वजन महिला एवं पुरुषों ने चंबल पुल पर एक बार फिर से जाम लगा दिया। करीब दो घंटे के जाम में सैकड़ों वाहन और यात्री फंसे रहे। इस दौरान पुलिस और भीड़ के बीच कई बार झड़प हुई। जाम खुलवाने पहुंचे सीओ से भी झड़प हो गई। इसके बाद एसडीएम पहुंचे और तीखी झड़प के साथ रास्ता रोकने के मामले में मुकदमा दर्ज कराने की बात कही, तब जाम खुल सका। आगरा से आई पीएसी की टीम अपनी बोट से किशोर को खोजने का प्रयास करती रही, कितु शाम तक किशोर का सुराग नहीं लग सका। एसडीएम सत्य प्रकाश मिश्र ने बताया कि लोग अनावश्यक जाम लगाए हुए थे। इससे यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ रहा था। मशक्कत के बाद जाम खुलवाया जा सका है। किशोर को तलाशने के लिए पीएसी की टीम निरंतर प्रयासरत है।