इटावा में कार्यकर्ता सम्मेलन में पहुंचे भूपेंद्र सिंह चौधरी, बोले- जीतने के लिए चाचा की ठोढ़ी खुजला रहे अखिलेश
इटावा के मलाजनी में कार्यकर्ता सम्मेलन में भारतीय जनता पार्टी (BJP) के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने मैनपुर लोकसभी सीट पर उपचुनाव को लेकर कहा कि अखिलेश उपचुनाव के लिए चाचा की ठोढ़ी खुजला रहे हैं लेकिन इससे भाजपा को कोई फर्क नहीं पड़ेगा।
इटावा, जागरण संवाददाता। भारतीय जनता पार्टी (BJP) के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी मैनपुरी लोकसभा चुनाव को लेकर बुधवार को जसवंतनगर विधान सभा के कार्यकर्ता सम्मेलन में भाग लेने मलाजनी पहुंचे। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि चाचा भतीजे के मिलने से भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर कोई फर्क नहीं पड़ेगा। इनका मिलन हर चुनाव में होता है। लेकिन हमेशा सपा की हार हुई है। उपचुनाव जीतने के लिए चाचा की ठोढ़ी खुजला रहे हैं सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव।
कहते थे वोट नहीं मागेंगे
भूपेंद्र सिंह चौधरी ने यहां सम्मेलन में कहा कि सपा वाले कहते थे कि उपचुनाव में राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव वोट नहीं मांगेंगे लेकिन अब यह लोग वोट मांगने के साथ साथ चाचा को मनाने तक का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि मैनपुरी लोकसभा में बड़े अंतर से भाजपा (BJP) जीतेगी। सपा को यदि लगता है यह उसका गढ़ है तो उसका भ्रम है। अब किसी का गढ़ नहीं है सिर्फ भाजपा का है। जिस दिन मतगणना होगी उस दिन इस इलाके का इतिहास बदल जाएगा। सबसे ज्यादा गुंडागर्दी इसी क्षेत्र में थी अब समय बदल गया है।
योगी सरकार में अपराधियों की धरपकड़ जारी है
हर कार्यकर्ता जनता की बीच रहे। हमें शत प्रतिशत मतदान कराना है। पूर्व में यहां क्या हुआ वह सब छोड़कर आज की सोचें। कार्यकर्ता घर घर जाकर वोटरों से मिलकर पार्टी की नीतियों के बारे में बताकर वोट मांगें। सपा कार्यकाल में जो दबंगई होती थी उसके बारे में वोटरों को बताएं। योगी सरकार में अपराधियों की धरपकड़ जारी है, इसलिए किसी से डरने की जरूरत नहीं है। कार्यकर्ता पूरी मेहनत करे, मैनपुरी लोकसभा का चुनाव बड़े अंतर से भाजपा (BJP) जीतेगी।
हर क्षेत्र में सरकार ने किया है विकास
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पूरी सतर्कता व सजगता के साथ चुनाव लड़ें। सरकार ने हर क्षेत्र में विकास किया है। सदर विधायक सरिता भदौरिया ने कहा कि सैफई के ताबूत में यह चुनाव आखिरी कील ठोंकेगा। योगी मोदी की विकास की सरकार है इसलिए यह परिवार एक हो गया। चाचा को हत्थे पर बैठाने वाले आज चाचा को मना रहे हैं। भारतीय जनता पार्टी (BJP) सैफई में सपा को प्रधानी का चुनाव भी लड़ने लायक नहीं छोड़ेगी। इस अवसर पर क्षेत्रीय अध्यक्ष मानवेंद्र सिंह, जिला महामंत्री शिवाकांत चौधरी, प्रशांत राव चतुर्वेदी, जिला प्रभारी सत्यपाल सिंह, अरुण कुमार गुप्ता अन्नू, विवेक शाक्य, पूर्व विधायक केके राज भी मौजूद रहे।