राशन गोदाम में नकब लगाकर गायब किया 20 बोरी गेहूं
संवाद सूत्र ऊसराहार कस्बा में राशन गोदाम से नकब लगाकर चोरों ने गेहूं की बीस से अधिक बोरियों को पार कर दिया। खाद्य विभाग के उच्चाधिकारियों सहित उपजिलाधिकारी ताखा ने भी घटना स्थल का दौरा किया।
संवाद सूत्र, ऊसराहार : कस्बा में राशन गोदाम से नकब लगाकर चोरों ने गेहूं की बीस से अधिक बोरियों को पार कर दिया। खाद्य विभाग के उच्चाधिकारियों सहित उपजिलाधिकारी ताखा ने भी घटना स्थल का दौरा किया। बिधूना सड़क मार्ग पर स्थित भारतीय खाद्य निगम की राशन गोदाम से शुक्रवार की रात चोरों ने गेहूं की बोरियां चुराने के लिए नकब लगा दी और बीस के करीब गेहूं की बोरियों को निकाल कर बाहर रख लिया। इसी बीच खेतों पर पानी लगा रहे किसानों के द्वारा जानकारी होने पर चोर गेहूं की बोरियों को छोड़कर भाग गये। सुबह जब गोदाम प्रभारी मार्केटिग इंस्पेक्टर पारूल और कर्मचारियों ने गोदाम को खोला तो बोरियों के गिरे होने से शक होने पर पीछे की तरफ जाकर देखा तो नकब लगा पाया। उन्होंने घटना की जानकारी डिप्टी आरएमओ और उपजिलाधिकारी ताखा सत्यप्रकाश को दी। घटनास्थल का निरीक्षण कर मार्केटिग इंस्पेक्टर पारूल से जानकारी ली। उन्होंने गेहूं की बोरियों के सही सलामत होने की जानकारी दी। इतना सब होने के बाद भी ऊसराहार पुलिस को चोरी की जानकारी तक नहीं हो पायी थी। उपजिलाधिकारी सत्यप्रकाश ने बताया कि गोदाम की सुरक्षा और कड़ी की जाएगी। दो वर्ष पूर्व भी किया था प्रयास जिस राशन गोदाम को चोरों ने निशाना बनाया है दो वर्ष पूर्व भी गोदाम से चोरी का प्रयास किया गया था। गोदाम के ठीक पीछे बालिकाओं की पढ़ाई से जुड़ा कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय भी स्थिति है। उसकी सुरक्षा पर भी प्रश्न चिह्न लग गया है। क्योंकि उसकी सुरक्षा के लिए भी एक मात्र महिला होमगार्ड ही तैनात है जो डंडे के सहारे ही सुरक्षा करती है। साथ ही प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भी यही पर है चोरी की घटना से ग्रामीणों में भय बन गया है। उन्होंने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से घटनाओं के खुलासे की मांग की है।