इटावा में तेज रफ्तार बस की चपेट में आने से 12 साल के किशोर की मौत, दो साथी बाल-बाल बचे
इटावा के भरथना में कबाड़ बीनते समय 12 वर्षीय किशोर दर्शन की तेज रफ्तार बस की चपेट में आने से मौत हो गई।

प्रतीकात्मक तस्वीर
HighLights
भरथना में कबाड़ बीनते 12 वर्षीय किशोर दर्शन की बस से मौत।
तेज रफ्तार बस की चपेट में आने से हुआ दर्दनाक हादसा।
दो साथी किशोर सुरक्षित बचे, पुलिस ने जांच शुरू की।
जागरण संवाददाता, इटावा। भरथना कस्बे के मोहल्ला स्टेट बैंक वाली गली के मोड़ पर पुलिया के पास शनिवार सुबह सड़क किनारे कबाड़ बीन रहे 12 वर्षीय किशोर की तेज रफ्तार बस की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसे के दौरान उसके साथ मौजूद दो अन्य किशोर बाल-बाल बच गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
स्टेशन के समीप रहने वाले किशोर शिवा ने बताया कि वह मुलायम नगर निवासी अपने मित्र दर्शन पुत्र गोविंद (12) के साथ उमरसेंडा के नगला कोठी निवासी आसिफ और सैफई निवासी चीता उर्फ गंड्ढा के साथ भरथना में कबाड़ बीनने का काम करता था।
चारों प्लास्टिक की बोतलें आदि बीनकर बेचते थे और उससे मिलने वाले रुपये से अपना गुजारा करते थे। शिवा के अनुसार, दर्शन एक दिन पहले ही इटावा से भरथना आया था। शुक्रवार रात सभी साथी भारतीय स्टेट बैंक वाले मोड़ के समीप पुलिया के पास सड़क किनारे एक दुकान के चबूतरे पर सो गए थे।
पुलिस ने शुरू की हादसे की जांच
शनिवार सुबह दर्शन की आंख खुली तो वह पास की नाली में पड़ी प्लास्टिक की बोतलें निकालने लगा।इसी दौरान ऊसराहार की ओर जा रही तेज रफ्तार डीलक्स बस मोड़ से गुजरी।
बस की चपेट में आने से दर्शन पहिये के नीचे आ गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। साथी शिवा और अन्य किशोरों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया। पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है।
