दो पक्षों में हुए संघर्ष में 10 घायल, भर्ती
जागरण संवाददाता इटावा इकदिल थाना अंतर्गत ग्राम नेवरपुर में दो पक्षों में हुए संघर्ष में एक प
जागरण संवाददाता, इटावा : इकदिल थाना अंतर्गत ग्राम नेवरपुर में दो पक्षों में हुए संघर्ष में एक पक्ष के सात लोग तथा दूसरे पक्ष के तीन लोग घायल हो गए। सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घायल होने वालों में एक पक्ष के कप्तान सिंह पुत्र रामसेवक, उनकी पत्नी सुशीला देवी, पुत्री छाया देवी के अलावा ज्ञानवती पत्नी वसंत सिंह, रामसवेक की पत्नी रामबेटी, पुत्र पंकेश व भगवान सिंह जबकि दूसरे पक्ष के सुरेंद्र पुत्र छंगे लाल, देशराज पुत्र सूरज व सुमित नारायण पुत्र सत्यराम हैं।
कप्तान सिंह के मुताबिक मंगलवार को तड़के करीब चार बजे 15-16 लोग कुल्हाड़ी, लाठी, धारिया व तमंचा से लैस होकर उनके घर में घुस आए और हमला करके सात लोगों को घायल कर दिया। पुत्री छाया की गोदभराई का चढ़ावा घर पर रखा था। उसकी शादी अप्रैल में होने वाली है। हमलावर उस चढ़ावा को भी लूट ले गए।
दूसरी तरफ सुरेंद्र का कहना है कि रात करीब तीन बजे सुमित को आरोपित लोग घर से पकड़ ले गए और नशीला पदार्थ सुंघाकर बेहोश करके यमुना नदी किनारे ले जाकर फेंक दिया। जब इस घटना को लेकर विरोध किया तो आरोपित लोगों ने मारपीट करके घायल कर दिया। आरोपित लोग सुमित को मरा समझ कर यमुना किनारे फेंक गए थे। घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाकर भर्ती कराया। पुलिस के मुताबिक दोनों पक्षों में करीब एक माह पहले कूड़ा डालने को लेकर झगड़ा हो गया था। तब से उनमें तनातनी चली आ रही थी।