पुलिस ने छापा मार अवैध असलहा बना रहा युवक किया गिरफ्तार
अलीगंज पुलिस ने छापा मार कार्रवाई कर घर पर अवैध असलहा बनाते हुए युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपित के कब्जे से 10 बने-अधबने तमंचा व उपकरण बरामद किए गए हैं। लोकसभा चुनाव के चलते ग्राम गेवर असदुल्लापुर का सुधीर कुमार अपने घर पर ही अवैध असलहा तैयार कर रहा है। इस जानकारी पर पुलिस ने छापा मार दिया। पुलिस को देख तमंचा बना रहे आरोपित ने भागने की कोशिश की लेकिन घेराबंदी कर उसे दबोच लिया गया।
एटा, जासं। अलीगंज पुलिस ने बुधवार सुबह छापा मार कार्रवाई कर घर पर अवैध असलहा बनाते हुए युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपित के कब्जे से 10 बने-अधबने तमंचा व उपकरण बरामद किए गए हैं। वह पिछले काफी समय से अवैध असलहा बनाने के कार्य में लगा हुआ था।
बुधवार सुबह पुलिस को सूचना मिली कि लोकसभा चुनाव के चलते ग्राम गेवर असदुल्लापुर का सुधीर कुमार अपने घर पर ही अवैध असलहा तैयार कर रहा है। इस जानकारी पर पुलिस ने छापा मार दिया। पुलिस को देख तमंचा बना रहे आरोपित ने भागने की कोशिश की, लेकिन घेराबंदी कर उसे दबोच लिया गया। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर 7 बने तथा 3 अधबने तमंचा व उपकरण बरामद कर लिए। पुलिस को मौके पर दो जिदा व दो खोखा कारतूस भी मिले हैं। पूछताछ के दौरान उसने पुलिस को बताया कि वह पिछले काफी समय से तमंचा बनाने का काम कर रहा है।
अपर पुलिस अधीक्षक संजय कुमार ने बताया कि सुधीर को पूर्व में दो बार अवैध असलहा बनाने के आरोप में जेल भेजा जा चुका है। वह असलहा तैयार करने के बाद अपने एजेंटों के माध्यम से एटा के अलावा आसपास के जिलों में सप्लाई करता आ रहा था। एसएसपी की ओर से अवैध शस्त्र फैक्ट्री का भंड़ाफोड़ करने वाली पुलिस पार्टी को 10 हजार रुपये से पुरस्कृत किया गया है।