पुलिस लाइन में महिला कांस्टेबल बना रहीं मास्क
कोरोना संकट के दौर में जिलेभर में मास्क की किल्लत है। कई दुका
एटा, जागरण संवाददाता : कोरोना संकट के दौर में जिलेभर में मास्क की किल्लत है। कई दुकानों पर भी मास्क उपलब्ध नहीं है। ऐसे में पुलिस की महिला कांस्टेबल की टीम पुलिस लाइन में खुद सिलकर मास्क तैयार कर रही है, जिन्हें जरूरतमंदों में बांटा जा रहा है।
संकट के समय जिस पर जो बन पड़ रहा है, वह कर रहा है। महिला कांस्टेबलों ने जब यह देखा कि मास्क के लिए लोग भटक रहे हैं तो वे इस काम के लिए आगे आ गईं। एसएसपी सुनील कुमार सिंह ने भी मास्क बनाने को मंजूरी दे दी। पुलिस लाइन में ही आधा दर्जन से ज्यादा सिलाई की मशीनें रखवा दी गईं। जहां प्रतिदिन मास्क बनाने शुरू कर दिए गए। प्रतिदिन यह कांस्टेबल 200 से ज्यादा मास्क तैयार कर रही हैं। यह तैयार किए गए मास्क तत्काल वितरण के लिए भेज दिए जाते हैं। अब तक महिला सिपाहियों द्वारा तैयार किए गए एक हजार से ज्यादा मास्क वितरित किए जा चुके हैं। यह सभी मास्क थ्री लेयर हैं।