दहेज की खातिर नवविवाहिता की हत्याकर शव को फंदे से लटकाया
मृतका के पिता ने थाना नयागांव में पति सहित चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई पुलिस कर रही आरोपितों की तलाश
एटा: दहेज में बाइक न मिलने के कारण ससुरालीजनों ने नवविवाहिता की हत्या कर दी और शव फंदे पर लटका दिया। मृतका के पिता ने थाना नयागांव में पति सहित चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस आरोपितों की तलाश कर रही है। फर्रुखाबाद थाना कायमगंज के अताईपुर निवासी रामकिशोर ने अपनी बेटी बीनू की शादी जुलाई में थाना नयागांव क्षेत्र के नगला मोच निवासी रीतेश के साथ की थी। आरोप है ससुरालीजन दहेज में बाइक की मांग कर महिला को परेशान करने लगे। इसकी जानकारी महिला ने मायके वालों को दी। मायके पक्ष के लोगों ने बाइक न दे पाने की असमर्थता जाहिर करते हुए मना कर दिया।
इस पर ससुरालीजनों ने महिला का उत्पीड़न शुरू कर दिया। आरोप है कि 10 नवंबर को ससुरालीजनों ने उसकी हत्या कर शव को फंदे से लटका दिया। इसकी जानकारी गांव के लोगों ने मायके वालों को दी। वे मौके पर पहुंच गए और उन्होंने घटना की जानकारी नयागांव पुलिस को दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दहेज हत्या की रिपोर्ट मृतका के पिता रामकिशोर ने पति रीतेश, ससुर हरिनाम, सास नारायन देवी और ननद रीता के खिलाफ दर्ज कराई है। वहीं थाना प्रभारी नयागांव दिनेश कुमार ने कहा कि घटना के बाद आरोपित ससुरालीजन घर छोड़ कर फरार हो गए हैं। इन्हें पकड़ने के लिए पुलिस की टीम लगी हुई है। कई जगह दबिश दी जा रही है। अब तक कई लोगों से पूछताछ की गई है। जल्द ही आरोपित पुलिस की पकड़ में होंगे।