सकीट में महिला से सामूहिक दुष्कर्म
एटा: सकीट क्षेत्र में शौच को गई महिला से तीन युवकों ने दुष्कर्म किया। उसकी रिपोर्ट कोर्ट के आदेश पर अब हो पाई है।
जागरण संवाददाता एटा: सकीट क्षेत्र में शौच को गई महिला से तीन युवकों ने दुष्कर्म किया। विरोध करने पर आरोपितों द्वारा जान से मारने की धमकी दी गई। पुलिस द्वारा मामले की रिपोर्ट दर्ज न किए जाने पर पीड़िता ने अदालत की शरण ली। अदालत ने पुलिस को मामले की रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
अदालत को दिए प्रार्थना पत्र में एक महिला ने कहा कि 12 दिसंबर 2017 की शाम 7:30 बजे वह घर से शौंच के लिए खेतों की ओर गई थी। आरोप है कि सरसों के खेत में पहले से ही मौजूद गांव के ही धर्मेद्र, प्रवेश कुमार ने अपने एक अन्य साथी की मदद से उसे पकड़ लिया। इस दौरान धर्मेद्र ने तमंचा निकाल कर उसकी छाती पर रख दिया और शोर मचाने पर गोली मारने की धमकी दी। इसके बाद धर्मेंद्र और उसके साथियों ने उसके साथ बारी-बारी से बुरा काम किया।
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी जान से मारने और झूठे मुकदमें में फंसाने की धमकी देते हुए भाग गये। घटना के अगले दिन वह थाने पहुंची। उसने पुलिस को बताया कि उसका पति बाहर काम करता है। उसने अपने साथ हुई वारदात की पुलिस को तहरीर भी दी, लेकिन रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई। पुलिस से न्याय न मिलने पर उसने अदालत की शरण ली। सकीट के इंस्पेक्टर विजय बहादुर वर्मा ने बताया कि अदालत के आदेश पर सामूहिक दुष्कर्म का मामला दर्ज किया गया है।