मौसम के तेवर सख्त, हीट स्ट्रोक ने किया बेहाल
भीषण गर्मी का जनजीवन पर व्यापक असर पड़ रहा है। सोमवार को चटक धूप और लू के थपेड़ों ने सड़क पर चलने वालों के चेहरे लाल कर दिए। हीट स्ट्रोक के कारण लोगों का हाल बेहाल देखा गया। दोपहर के वक्त जहां सड़कों पर सन्नाटा पसरा। वहीं बाजारों में भी चहल पहल कम रही। पारा 43 डिग्री सेल्सियस रहा।
एटा, जासं। भीषण गर्मी का जनजीवन पर व्यापक असर पड़ रहा है। सोमवार को चटक धूप और लू के थपेड़ों ने सड़क पर चलने वालों के चेहरे लाल कर दिए। हीट स्ट्रोक के कारण लोगों का हाल बेहाल देखा गया। दोपहर के वक्त जहां सड़कों पर सन्नाटा पसरा। वहीं बाजारों में भी चहल पहल कम रही। पारा 43 डिग्री सेल्सियस रहा।
दो दिनों से मौसम के गर्माए तेवरों के चलते लोगों को कहीं भी चैन नहीं मिल रहा है। लगातार चल रही गर्म हवाएं और भी गर्मी का पारा ऊंचा किए हैं। ऐसी स्थिति में लोग दिन में घरों से बाहर निकलने में परहेज व धूप से बचने के लिए तमाम जतन कर रहे हैं, फिर भी राहत नहीं मिल पा रही। सुबह आठ बजे से ही गर्मी से लोग बेहाल होने लगे हैं। इससे लोगों को न तो बाहर आराम मिल रहा था न ही घरों के अंदर। दोपहर में तो तेज गर्म हवा लोग बर्दाश्त तक नहीं कर पा रहे थे। ऐसे में पारा चढ़ने के साथ ही पूरे दिन तेज धूप से लोगों का घरों से निकलना तक दुभर हो गया।
प्राइवेट वाहन स्टैंड पर यात्रियों को दिक्कत
-----
शहर के प्राइवेट बस स्टैंडों पर टीन शेड या अन्य किसी तरह की व्यवस्था न होने से यात्रियों को और भी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। वाहन स्टैंड पर दोपहर में आने वाले यात्री कड़क धूप में भी वाहनों का इंतजार करते दिखे। ऐसे में उन्हे भारी परेशानी से रूबरू होना पड़ा। यात्रियों को धूप से बचने तक का ठिकाना नहीं मिला। ऐसे स्थानों पर तो पानी के लिए भी कोई व्यवस्था नही थी।