वोट है लोकतंत्र की जान, सब करने चलो मतदान
एटा मताधिकार के प्रति मतदाताओं को जागरूक करने के लिए गुरुवार को जिले में तमाम स्थानों पर कार्यक्रम हुए। आंगनबाड़ी केंद्रों व विद्यालयों में मेंहदी प्रतियोगिता व पपेट शो के जरिए लोगों को जागरूक किया गया।
जागरण संवाददाता, एटा: मताधिकार के प्रति मतदाताओं को जागरूक करने के लिए गुरुवार को जिले में तमाम स्थानों पर कार्यक्रम हुए। आंगनबाड़ी केंद्रों व विद्यालयों में मेंहदी प्रतियोगिता व पपेट शो के जरिए लोगों को जागरूक किया गया।
शहर के जेएलएन डिग्री कॉलेज में आयोजित मेहंदी लगाओ मतदाता जगाओ प्रतियोगिता का जायजा लेने डीएम आइपी पांडेय पहुंचे। उन्होंने कहा कि आज नवविवाहित महिलाओं एवं प्रथम बार मतदान करने वाली किशोरियों के हाथों में मतदान संबंध स्लोगन के साथ मेहंदी रचाई गई है। इसका उद्देश्य सिर्फ मेहंदी लगाना नहीं हैं। बल्कि जागरूक होकर अपने आस-पड़ोस के क्षेत्र की महिलाओं, किशोरियों को मतदान के प्रति जागरूक करना है। लोकतंत्र के निर्माण में युवाओं की अहम भूमिका है। इसके बाद क्रिश्चियन एग्रीकल्चर इंटर कॉलेज में दिव्यांग मतदाताओं के लिए आयोजित कार्यक्रम में पहुंचे डीएम ने कहा कि एक-एक दिव्यांग का वोट महत्वपूर्ण है। सभी दिव्यांगजन अपने मत का प्रयोग जरूर करें। एडीएम प्रशासन केपी सिंह ने भी शत फीसद मतदान करने की अपील की। इस अवसर पर मौजूद महिला मतदाताओं, दिव्यांगजनों को डीएम ने मतदान का संकल्प दिलाया। कार्यक्रमों में प्राचार्य डायट मनोज गिरि, बीएसए संजय कुमार शुक्ल, जेएलएन कॉलेज के प्राचार्य अनिल सक्सेना आदि मौजूद थे।