दो युवतियों से की छेड़छाड़, तमंचे से किया फायर
सार्वजनिक स्थान पर पर्चा चस्पा करने का आरोप पिलुआ व निधौली कलां क्षेत्र के मामले
एटा: पिलुआ और निधौली कलां क्षेत्र में दो युवतियों के साथ छेड़छाड़ की गई। भाई द्वारा शिकायत करने पर आरोपितों ने जान से मारने के इरादे से उसके ऊपर फायर कर दिया। भाई ने सार्वजनिक स्थान पर पर्चा चिपका कर बहन की बदनामी करने का भी आरोप लगाया है। पुलिस ने दोनों मामले दर्ज कर लिए हैं।
शुक्रवार देर शाम पीड़िता के भाई ने पुलिस को बताया कि 16 अक्टूबर को गांव के ही वीरेश और उसके तीन अन्य साथियों द्वारा उसकी मुंहबोली बहन के साथ छेड़छाड़ की गई। बदनामी के लिए आरोपितों द्वारा पर्चा भी सार्वजनिक स्थान पर चस्पा कर दिया। जब उसने आरोपितों के स्वजन से शिकायत की तो उसके ऊपर जान से मारने के इरादे से फायर किया गया, लेकिन वह बच गया। पिलुआ के इंस्पेक्टर राजीव कुमार ने बताया कि रिपोर्ट वीरेश समेत चार के खिलाफ दर्ज कर ली गई है।
दूसरी ओर निधौली कलां क्षेत्र की युवती का कहना था कि 16 से 22 अक्टूबर तक गांव के ही किशनवीर ने अपने दो अन्य साथियों की मदद से उसका पीछा करते हुए छेड़छाड़ की। उसे देखकर अश्लील कमेंट कसे गए। पीड़िता ने उसे और भाई को जान से मारने की धमकी देने का भी किशनवीर और उसके साथियों पर आरोप लगाया है। वरिष्ठ उपनिरीक्षक पुलकित शर्मा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।