मकान का छज्जा गिरने से दो बच्चों की मौत
जलेसर संवाद सहयोगी। कोतवाली क्षेत्र में बुधवार दोपहर विदाई समारोह के दौरान मकान का छज्जा ढहने से दो बच्चों की मौत हो गई। दबने से आधा दर्जन से अधिक घायल हुए हैं जिनमें कुछ की हालत चिताजनक बताई गई है। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
जागरण संवाददाता, जलेसर : कोतवाली क्षेत्र में बुधवार दोपहर विदाई समारोह के दौरान मकान का छज्जा ढहने से दो बच्चों की मौत हो गई। दबने से आधा दर्जन से अधिक घायल हुए हैं, जिनमें कुछ की हालत चिताजनक बताई गई है। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
मंगलवार को ग्राम खानपुर निवासी महाराज सिंह जाटव की बेटी विनीता का शादी समारोह था। मथुरा जिले के महावन क्षेत्र के ग्राम खप्परपुर से दूल्हा विक्रम बरात लेकर आया हुआ था। शादी सकुशल संपन्न हो गई। बुधवार दोपहर 2.30 बजे विदाई समारोह चल रहा था, तभी अचानक महाराज सिंह के मकान के दरवाजे पर पड़ा छज्जा ढह गया। जिसमें दुल्हन विनीता का 5 वर्षीय भतीजा विदित पुत्र ज्ञान सिंह व गांव के राजीव प्रजापति का 5 वर्षीय पुत्र पिलकुट सहित दर्जनभर लोग दब गए। छज्जा गिरने की आवाज सुन सभी लोग महाराज सिंह के घर की ओर दौड़ पड़े। आसपास के लोगों ने बमुश्किल से भारी-भरकम छज्जा हटाया। तब तक विदित और पिलकुट की मौत हो चुकी थी।
हादसे में घायल लोगों को ट्रैक्टर-ट्राली तथा अन्य वाहनों द्वारा कस्बा स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। विदाई समारोह के दौरान मकान का छज्जा ढहने से दर्जनभर लोगों के दबने की खबर मिलते ही उपजिलाधिकारी अरुण कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। उन्होंने मृतकों के परिजनों को मुख्यमंत्री राहत कोष से सहायता राशि दिलवाए जाने का आश्वासन दिया। इधर हादसे के बाद महाराज सिंह और राजीव प्रजापति के परिवारों में कोहराम मच गया। डोली के साथ उठी भतीजे की अर्थी
----------------------------
अभागा ज्ञान सिंह बहन की शादी की तैयारियों में एक पखवाड़े से लगा हुआ था। शादी समारोह सकुशल संपन्न होने के बाद विदाई का कार्यक्रम चल रहा था, उसे क्या मालूम था कि विदाई के समय अचानक मकान का छज्जा ढह जाएगा और उसके मासूम पुत्र की जान चली जाएगी। बुआ की डोली के साथ भतीजे की अर्थी उठने से घर में कोहराम मचा हुआ है। हादसे में ये हुए घायल
------------------
विदाई समारोह के दौरान छज्जा गिरने से महाराज सिंह की बहन हाथरस जिले के सादाबाद क्षेत्र के ग्राम धनौरी बुर्ज निवासी सुशीलादेवी पत्नी श्रीचंद, मृतक विदित के पिता ज्ञान सिंह, मां पुष्पादेवी, दादी रामकटोरी के अलावा मीनादेवी पत्नी रामखिलाड़ी, प्रेमलता पुत्री रघुवीर गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनमें कई की हालत चिताजनक बनी हुई है। एंबुलेंस की देरी से आक्रोश
----------------------
बुधवार को हादसे के बाद ग्रामीणों की मदद से छज्जे की नीचे दबे लोगों को बाहर निकालने से पहले ही सरकारी एंबुलेंस को फोन पर सूचना दी गई थी। बावजूद इसके एंबुलेंस एक घंटे बाद मौके पर पहुंची, जिससे ग्रामीणों में आक्रोश पनप गया। आक्रोशित लोगों ने मौके पर पहुंचे उपजिलाधिकारी से एंबुलेंस देर से आने की शिकायत भी की थी।