हर इंटर कॉलेज के मुख्य गेट पर लिखा जाएगा तंबाकू निषेध
एटा: अब हर इंटर कॉलेज के मुख्य गेट पर तंबाकू निषेध लिखा हुआ नजर आएगा। इसके अलावा अन्य अभियान भी चलाए जाएंगे जन जागरण के।
जागरण संवाददाता, एटा: अब हर इंटर कॉलेज के मुख्य गेट पर तंबाकू निषेध लिखा हुआ नजर आएगा। वहीं प्रयोगशालाएं भी बेहतर और सुसज्जित होंगी। शासन ने माध्यमिक स्कूलों में नए शिक्षासत्र में सुधारों को लेकर निर्धारित 28 ¨बदुओं के अनुपालन के लिए निर्देश जारी किए हैं। जिनके अनुपालन के लिए विभाग ने सभी स्कूलों को जागरूक किया है।
वैसे तो सुधार की प्रक्रिया सतत रूप से बनी रहती है, लेकिन नई सरकार ने नए सत्र में अपनी सुधार की प्रक्रिया के लिए हर स्कूल में 28 ¨बदुओं का दायरा तय किया है। इन ¨बदुओं में स्कूलों के वातावरण से लेकर पठन-पाठन और अन्य गतिविधियां शामिल हैं। शिक्षा निदेशक द्वारा जारी किए गए निर्देशों में स्पष्ट किया गया है कि नए सत्र की शुरूआत में ही विद्यालयों की साफ-सफाई, पुताई, रंग-रोगन व ब्लैक बोर्ड तैयार करा लिए जाएं। कक्षों में रोशनी और पंखों की व्यवस्था से लेकर सीसीटीवी कैमरे और साउंड व्यवस्था भी सुचारू करनी होगी। समय चक्र बनाकर उसे हर कक्षा पर चस्पा कराना होगा। प्रवेश प्रक्रिया भी अभियान चलाकर पूरी कराई जाएगी। शिक्षकों के लिए शिक्षक डायरी पर भी जोर दिया गया है। प्रत्येक दिन प्रार्थना स्थल पर स्वच्छता, योगा, सामान्य ज्ञान, महापुरुषों की जयंती पर उनकी जीवनी के बारे में बताया जाएगा।
निर्देशों में जो खास पहलू हैं उसके अनुरूप प्रत्येक दिन विद्यार्थियों के लिए एक घंटे खेल भी अनिवार्य होगा। वहीं प्रयोगशालाओं की हालत में सुधार के साथ ही नियमित प्रयोगात्मक कार्य कराया जाना प्रधानाचार्य व शिक्षकों की जिम्मेदारी होगी। पुरानी व्यवस्था के अनुरूप स्कूल में शनिवार को सांस्कृतिक कार्यक्रम विभिन्न प्रतियोगिताएं व गतिविधियों के लिए भी प्रयास किए जाएंगे। जिन स्कूलों में कंप्यूटर लैब उपलब्ध हैं, वहां उनके संचालन की व्यवस्था को भी कहा गया है। पुस्तकालयों के भी नियमित संचालन के अलावा मतदान दिवस, रक्तदान, मद्यपान निषेध को लेकर जागरूकता कार्यक्रम, जल संरक्षण व जल संचयन को लेकर जागरूकता भी जरूरी होगा।
राष्ट्रीयकृत पुस्तकों से ही होगा शिक्षण
शासन ने एक बार फिर स्पष्ट किया है कि माध्यमिक स्कूलों में शिक्षण सिर्फ राष्ट्रीयकृत प्रकाशकों की पुस्तकों से ही कराया जाए। अन्यथा की स्थिति में गैर प्रकाशकों की पुस्तकों से शिक्षण पर प्रधानाचार्य उत्तरदायी होंगे। डीआईओएस एसपी यादव ने सभी प्रधानाचार्यो को निर्देशों के अनुपालन के निर्देश दिए हैं।