एटा में किशोरी व युवती समेत तीन से छेड़छाड़
गला दबाकर हत्या के प्रयास का आरोप एक आरोपित गिरफ्तार अन्य की तलाश
एटा : कोतवाली नगर क्षेत्र में किशोरी तथा पिलुआ क्षेत्र में युवती के साथ छेड़छाड़ की गई। वहीं जलेसर क्षेत्र की महिला ने छेड़छाड़ का विरोध करने पर गमछा से गला दबाकर हत्या के प्रयास का छह लोगों पर आरोप लगाया है।
गुरुवार शाम 16 वर्षीय किशोरी ने पुलिस को बताया कि ग्राम शीतलपुर निवासी दशमेश ने दो अन्य साथियों की मदद से उसके साथ छेड़छाड़ की। विरोध करने पर आरोपितों द्वारा जान से मारने की धमकी दी गई। कोतवाली नगर गल्ला मंडी स्थित पुलिस चौकी के प्रभारी हरेंद्र सिंह ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर मामले की रिपोर्ट तीन के खिलाफ दर्ज कर ली गई है। आरोपित दशमेश को गिरफ्तार कर लिया गया है, दो अन्य की तलाश की जा रही है।
वहीं पिलुआ क्षेत्र की महिला ने गांव के ही करन सिंह पर 19 वर्षीय बेटी के साथ छेड़छाड़ करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई है। दूसरी ओर जलेसर क्षेत्र की महिला ने पुलिस को जानकारी दी कि 30 दिसंबर को गांव के ही राहुल और उसके पांच अन्य साथियों ने घर में घुसकर छेड़छाड़ की। विरोध करने पर मारपीट कर गमछे से गला दबाकर हत्या का प्रयास किया गया। जलेसर के इंस्पेक्टर कृष्णपाल सिंह ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर रिपोर्ट राहुल समेत छह के खिलाफ दर्ज कर ली गई है। आरोपितों की तलाश की जा रही है। दो किशोरी लापता, रिपोर्ट दर्ज: कोतवाली नगर और मारहरा क्षेत्र से दो किशोरी लापता हो गईं। पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ बहला-फुसलाकर भगा ले जाने के मामले दर्ज कर लिए हैं।
गुरुवार को शहर के व्यक्ति ने पुलिस को बताया कि उसकी 15 वर्षीय बेटी सुबह से लापता है, काफी तलाश करने के बाद भी उसका कुछ पता नहीं चला है। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर अज्ञात लोगों के खिलाफ किशोरी को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने का मामला दर्ज कर लिया। उपनिरीक्षक रीतेश ठाकुर ने बताया कि किशोरी की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं। वहीं मारहरा क्षेत्र से 28 दिसंबर को किशोरी का पता न चलने पर पिता ने पुलिस को तहरीर दी। उपनिरीक्षक बलवंत सिंह ने बताया कि पिता की तहरीर पर अज्ञात लोगों के खिलाफ बहला-फुसलाकर भगा ले जाने का मामला दर्ज किया गया है।