मूर्तिकारों के यहां की रौनक बने गणपति
जागरण संवाददाता, एटा: गणेश चतुर्थी को लेकर शहर में मूर्तिकारों के यहां इन दिनों भगवान गणपति रौनक बढ़ा रहे हैं।
जागरण संवाददाता, एटा: गणेश चतुर्थी को लेकर शहर में मूर्तिकारों के यहां इन दिनों भगवान गणपति रौनक बढ़ा रहे हैं। भक्तों के घर भगवान भले ही तीन दिन बाद बिराजेंगे, लेकिन मूर्तिकारों के यहां पहले से ही विराजित भगवान उनकी रोजी रोटी में सहयोगी बने हुए हैं। पर्व को देखते हुए मूर्तिकारों ने आकर्षक मूर्तियां तैयार कर दुकानों पर सजाई हैं। यह मूर्तियां भक्तों को आकर्षित कर रही हैं।
इस बार भी गणेश चतुर्थी की धूम मचेगी। शहर में जन्माष्टमी पर्व के बाद से ही मूर्तिकार भगवान गणपति की छोटी और विशाल प्रतिमा तैयार करने में जुटे हुए थे। शहर के आगरा रोड के अलावा जीटी रोड पर भी मूर्तिकारों ने विभिन्न तरह की गणपति प्रतिमाएं बिक्री के लिए सजाईं हैं। 100 रुपये से लेकर 2500 रुपये तक की प्रतिमाएं मौजूद हैं। यही नहीं सार्वजनिक स्थलों पर और बड़ी प्रतिमाओं को स्थापित करने के लिए ऑर्डर मिलने पर वह उनकी भी तैयारी कर रहे हैं। मूर्तिकार कृष्ण कुमार ने बताया कि इन पर्वों से रोजी रोटी की व्यवस्था हो जाती है। गणेश चतुर्थी के बाद टेसू झांजी और दीपावली पर्व की तैयारी शुरू कर दी जाएगी।
अलीगंज: कस्बा में गणपति बप्पा की प्रतीक्षा में तैयारियां जोरों पर चल रही हैं। जिन स्थानों पर भगवान गणेश की प्रतिमा रखी जायेगी उन स्थानों पर सजावट का काम हो रहा है। रात्रि में भगवान श्रीगणेश की आरती में सैकडों लोग भाग लेते हैं। कार्यक्रम स्थलों पर असुरक्षा न रहे जिसके लिए कमेटियों के द्वारा व्यापक इंतजाम किये जा रहे हैं।