गोकशी के टाप-10 आरोपित और ग्रामीणों ने किया पुलिस पर हमला
गांव चमन नगरिया में फायरिग और पथराव में दो पुलिसकर्मी घायल 17 नामजद और 150 अज्ञातों के खिलाफ एफआइआर
एटा: दो पक्षों में झगड़े की सूचना पर पहुंची पुलिस पर अलीगंज क्षेत्र के गांव चमन नगरिया में गोकशी के टाप-10 आरोपित और उसके साथियों ने मारपीट करते हुए पथराव एवं फायरिग कर दी। एसआइ और दो सिपाही घायल हो गए। स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया है। रिपोर्ट एसआइ ने थाना अलीगंज में नामजद दर्ज कराई है। पुलिस जांच कर आरोपितों की तलाश कर रही है।
थाना अलीगंज क्षेत्र के गांव चमन नगरिया निवासी छलिया और गुलाब नवी के बीच सोमवार शाम को झगड़ा हुआ था। अलीगंज पुलिस पहुंच गई। पुलिस के साथ झगड़ा करने वाले लोगों ने गाली गलौज करते हुए धक्का मुक्की करनी शुरू कर दी। इसका जब पुलिसकर्मियों ने विरोध किया तो आरोपितों ने पुलिस पार्टी पर पथराव करते हुए फायरिग शुरू कर दी। अचानक फायरिग को देख पुलिसकर्मियों में भगदड़ मच गई। खुद को बचाने के लिए सुरक्षित स्थान की तरफ भागने लगे। पत्थरों की चपेट में आकर एसआइ संजय सिंह और सिपाही उमंग और सतेन्द्र कुमार घायल हो गए। इसके बाद अलीगंज थाने से पुलिस बल पहुंच गया। घायल पुलिसकर्मियों को स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र पर भर्ती कराया। आरोपित पुलिस के हाथ नहीं लग सके। रिपोर्ट एसआइ संजय सिंह ने थाना अलीगंज में नत्थू निवासी चमन नगरिया सहित 17 नामजद और 150 अज्ञात लोगों के खिलाफ पुलिस पार्टी पर पथराव, फायरिग करते हुए सरकारी कार्य में बाधा डालने की रिपोर्ट दर्ज कराई है। एएसपी ओपी सिंह ने बताया कि मुख्य आरोपित छलिया बंजारा गोकशी करने वाले टाप-10 बदमाशों की सूची में शामिल है। उसकी गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।