पाला पड़ने से आलू की खेती में शुरू हुआ झुलसा रोग
उद्यान विभाग किसानों को जागरूक करेगा इस रोग की रोकथाम करने के लिए दवाओं के छिड़काव के बारे में भी जानकारी देगा
जासं, एटा: ठंड के साथ ही पाला पड़ना शुरू हो गया है। इसके प्रकोप से आलू की फसल को नुकसान हो रहा है। आलू की फसल झुलसा रोग की चपेट में आ रही है। इससे बचाव के लिए उद्यान विभाग किसानों को जागरूक करेगा। साथ ही उन्हें इस रोग की रोकथाम करने के लिए दवाओं के छिड़काव के बारे में भी जानकारी देगा।
जनपद में ठंड का प्रकोप लगातार बढ़ रहा है। ठंडक होने के साथ ही पाला पड़ना भी शुरू हो गया है। जिससे आलू की फसल पर हानिकारक प्रभाव पड़ रहा है। आलू की पिछेती फसल होने के कारण इसका अधिक प्रभाव पड़ रहा है। पत्तियों पर पाला जमने के कारण वे झुलस रही हैं। इससे आलू की पैदावार कम हो रही है। इससे किसानों को घाटा होगा। इस पर अंकुश लगाने के लिए शासन ने जिला उद्यान विभाग को किसानों को जागरूक करने का आदेश दिया है। शासन ने कहा है कि जनसंपर्क के माध्यम से किसानों को पाले से आलू की फसल बचाने के लिए फफूंद नाशक दवा का छिड़काव करने की जानकारी दी जाए। जिला उद्यान अधिकारी नलिन सुंदरम भट्ट ने कहा कि आलू की खेती करने वाले किसानों से संपर्क किया जा रहा है। उन्हें झुलसा रोग से बचाव के लिए उपाय बताए जा रहे हैं।