तापमान में गिरावट से लोगों को राहत
एटा: कई दिन की प्रचंड गर्मी के बाद शनिवार को लोगों ने कुछ राहत महसूस की। दिन में गर्मी तो थी लेकिन अन्य दिनों से कुछ कम थी।
जागरण संवाददाता, एटा: कई दिन की प्रचंड गर्मी के बाद शनिवार को लोगों ने कुछ राहत महसूस की। तापमान में गिरावट आंकी गई।
कई दिन से भीषण गर्मी पड़ रही थी, जिसके कारण लोगों का जीना दुश्वार था। तीन दिन से तो स्थिति यह बन गई थी कि सुबह के समय मौसम के तेवर राहत देने वाले होते थे पर जैसे ही दिन चढ़ता था, वैसे ही आसमान से आग बरसने लगती थी। शनिवार को लोग जब सोकर उठे तो मौसम काफी खुशनुमा महसूस हुआ। सुबह से धूप तो निकली, लेकिन उसके तेवर अन्य दिनों की अपेक्षा कड़े नहीं थे। इस वजह से सुबह के वक्त लोगों को ज्यादा बेचैनी नहीं हुई। 10 बजे के बाद धूप ने अपना असर दिखाना शुरू किया फिर भी उतना परेशान नहीं किया, जितना कि पिछले कई दिन से कर रही थी। दोपहर के समय तापमान 44 डिग्री तक आंका गया, जबकि पिछले कई दिनों से 46 और 47 डिग्री तक तापमान पहुंच रहा था, जिसकी वजह से दोपहर के वक्त सड़कों पर सन्नाटा सा पसर जाता था। वैसी स्थिति शनिवार को नहीं दिखी।
इन दिनों रमजान माह चल रहा है और लोग रोजे रख रहे हैं। मौसम के बदले तेवरों से इन लोगों को कुछ राहत मिली। रोजेदार रोजा रखते वक्त पानी तक नहीं पीते और ऐसे में अगर गर्मी तेज हो तो उन्हें ज्यादा परेशानी होती है। दूसरी तरफ बाजारों में रोज की अपेक्षा भीड़ कुछ ठीक रही। बाबूगंज, गांधी मार्केट, घंटाघर जैसे मुख्य बाजारों में चहल-पहल बनी रही। सार्वजनिक स्थानों पर भीड़ रोज की तरह देखी गई। रोडवेज बस स्टैंड पर लोगों ने काफी राहत महसूस की।