रक्षाबंधन आज, भाइयों की कलाई पर सजेंगी राखियां
भाई-बहन के पवित्र पर्व रक्षाबंधन की तैयारियों को लेकर बहनों का उत्साह बुधवार को देखते ही बना। त्यौहार की पूर्व बेला पर उमड़ी भीड़ के चलते बाजारों की रौनक बेहतर रही। गुरुवार को रक्षाबंधन पर्व मनाया जाएगा। भाइयों की कलाई पर बहन राखी बांधेगी। इसी को लेकर दिनभर चली खरीददारी से बाजार गुलजार रहे।
एटा: भाई-बहन के पवित्र पर्व रक्षाबंधन की तैयारियों को लेकर बहनों का उत्साह बुधवार को देखते ही बना। त्योहार की पूर्व बेला पर उमड़ी भीड़ के चलते बाजारों की रौनक बेहतर रही। गुरुवार को रक्षाबंधन पर्व मनाया जाएगा। भाइयों की कलाई पर बहन राखी बांधेगी। इसी को लेकर दिनभर चली खरीदारी से बाजार गुलजार रहे।
वैसे तो कई दिनों से बाजार में राखी पर्व को लेकर राखी, घेबर, फैनी आदि की अस्थाई दुकानें सज गई थीं। पिछले दिनों तक बाजारों में इतनी रौनक नहीं थी, लेकिन त्योहार से एक दिन पहले सुबह से ही बाजारों में भीड़ शुरू हो गई। हालांकि शाम को बारिश ने बाजार को कुछ प्रभावित किया, लेकिन सुबह 10 बजे के बाद सड़कों से लेकर बाजारों में भीड़ का अतिरेक देखते ही बना। जहां बहनें अपने भाइयों के लिए राखियों से सजी दुकानों पर खरीदारी करने में जुट गई तो वहीं मिष्ठान की दुकानों पर भी उनकी भीड़भाड़ शाम तक बनी रही। बाबूगंज बाजार में त्योहार पर मेंहदी लगवाने के लिए युवतियों में होड़ दिख रही थी। बहनों में पर्व के प्रति उत्साह इसी बात से दिख रहा था कि सड़कों व बाजार में कीचड़ के बावजूद भी वह भाइयों के घर जाने की तैयारियों में मशगूल थीं। बाजारों में उमड़ी भीड़ के साथ ही राखी, मिष्ठान, कपड़ा, कास्मेटिक, सर्राफ के कारोबारियों को भी पूरे दिन फुर्सत न मिल सकी। उधर काफी संख्या में बहनें अपनी तैयारियां पूरी करने के बाद दोपहर से ही भाइयों के घर के लिए रवाना होने लगीं। ऐसी स्थिति में रोडवेज बस स्टैंड पर भी भीड़भाड़ शाम तक बनी रही। उधर भाइयों ने भी बहनों के लिए उपहार देने के लिए खरीदारी और स्वागत की तैयारियां कीं। त्योहार पर यात्रियों की संख्या बढ़ने के कारण यात्री बसों की छतों पर यात्रा करते नजर आए। जिला कारागार में भी चली तैयारी
रक्षाबंधन पर्व पर बड़ी संख्या में बहनें जिला कारागार में बंद अपने भाइयों को राखी बांधने के लिए पहुंचेगी। बहनों को किसी भी तरह की दिक्कत न हो इसके लिए कारागार प्रशासन ने भी तैयारियां की हैं। जेलर कुलदीप सिंह ने बताया कि नियमानुसार बहनों को सुबह 8 बजे से प्रवेश दिया जाएगा। वह जो भी मिष्ठान या खाद्य वस्तुएं अंदर ले जाएंगी उसकी जांच के लिए टीम बना दी गईं हैं। किसी को समस्या नहीं होने दी जाएगी। सोशल मीडिया पर ग्रीटिंग्स की भरमार
रक्षाबंधन को लेकर दो दिन पहले से ही सोशल मीडिया पर भाई-बहन के पर्व के तमाम अद्भुत ग्रीटिग्स व वीडियो लोगों को लुभाते रहे। कई भाई तो अपनी बहनों को इन ग्रीटिग्स के माध्यम से घर आने का न्योता भी देते नजर आए। आज बसों में निश्शुल्क होगी महिलाओं की यात्रा
प्रदेश सरकार के निर्देशानुसार रक्षाबंधन पर्व पर महिलाओं को गुरुवार रात 12 बजे तक यात्रा निश्शुल्क होगी। परिचालक महिलाओं को शून्य मूल्य की टिकट देगें। उनसे कोई भी पैसा नहीं लिया जाएगा। इस संबंध में सभी रोडवेज परिचालकों को निर्देश दिए गए हैं। दिनभर रहे जाम के हालात
त्योहार पूर्व शहर में जीटी रोड ही नहीं बल्कि आगरा रोड, शिकोहाबाद रोड, अलीगंज रोड पर जाम के हालात रहे। यकायक सड़कों पर वाहनों की तादाद बढ़ने से उत्पन्न जाम यात्रियों की परेशानी बना रहा।