यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 29, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
जर्जर हाल में पिदौरा-रतनपुर मार्ग, राही परेशान
प्रशासन की अनदेखी के चलते बाहरी लोडिग वाहन धड़ल्ले से निकलते इस मार्ग पर

संसू, मारहरा (एटा): पिदौरा-रतनपुर मार्ग जर्जर हाल में पहुंच चुका है। राहगीरों को काफी परेशानी हो रही है। शिकायत के बाद भी जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारियों ने कोई कदम नहीं उठाया है। यह मार्ग लंबे अरसे से उखड़ा पड़ा है। ज्यादा वाहनों के आवागमन ने मार्ग के हालात बिगाड़ दिये हैं।
मारहरा विकासखंड क्षेत्र के गांव पिदौरा से रतनपुर जाने वाली सड़क काफी समय से उखड़ी पड़ी है। जगह-जगह गहरे गड्ढे हो गये हैं। मार्ग पर केवल पत्थर ही नजर आ रहे हैं। इससे राहगीरों को गुजरना काफी मुश्किल हो रहा है। मार्ग की बदहाली सड़क से गुजरने वाले बड़े वाहन भी हैं। दरअसल, क्षेत्र के गांव समोखर, रामनगर, नौजरपुर आदि में दर्जनों की संख्या में वाहन चालक हैं। वह अक्सर ओवरलोड ट्रक आदि लेकर इसी सड़क से गुजरते हैं। वहीं दर्जनों प्राइवेट बसें भी इस मार्ग पर संचालित हैं, हालांकि बाहरी लोडिग वाहनों का इन संपर्क मार्गो से गुजरना वर्जित है। बावजूद इसके प्रशासन की अनदेखी के चलते वाहन यहां से धड़ल्ले से निकलते हैं। फलस्वरूप पिदौरा से रतनपुर मार्ग पूरी तरह से टूट चुका है। यह मार्ग दो दर्जन से भी अधिक गांवों को मुख्यालय से जोड़ता है। स्कूल कालेज आने-जाने वाले विद्यार्थियों को खासी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
-सोनू शर्मा इस मार्ग के डामरीकरण और मरम्मत को लेकर ग्रामीण कई बार क्षेत्रीय विधायक और जिला प्रशासन से मांग कर चुके हैं। मुख्यमंत्री पोर्टल पर भी शिकायत की जा चुकी है।
-प्रदीप कुमार
