विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सिविल सर्विसेज में चमके एटा के लाल: आयुष ने पहले प्रयास में पाई 143वीं रैंक; प्रवीण को 582वीं

Published: Sat, 07 Mar 2026 12:28 PM (IST)

एटा के प्रवीण यादव और आयुष यादव ने संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) परीक्षा में सफलता हासिल कर जिले का ...और पढ़ें

News Article Hero Image
timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

जागरण संवाददाता, एटा। संघ लोक सेवा आयोग की परीक्षा में एक बार फिर जिले के लाल ने कमाल किया है। शहर के संजय नगर निवासी प्रवीण यादव ने यूपीएससी में 582वीं रैंक प्राप्त कर परीक्षा उत्तीर्ण कर जिले को गौरवान्वित किया है। वह शुरू से ही पढ़ाई−लिखाई में मेधावी रहे हैं।

इसके अलावा गांव नयाबांस के रहने वाले सेना से रिटायर्ड राजेश यादव के पुत्र आयुष यादव ने भी पहले ही प्रयास में 143वीं रैंक हासिल की है और आईएएस बनकर गांव का नाम रोशन किया है।

एटा में ही प्राप्त की प्रारंभिक शिक्षा

संघ लोक सेवा आयोग परीक्षा 2025 में सफलता अर्जित करने वाले प्रवीण यादव मूल रूप से निधौली कलां क्षेत्र के ग्राम नकटपुर तथा हाल निवासी संजय नगर विशेष कुमार उर्फ साधौ सिंह के सबसे छोटे पुत्र हैं। प्रवीण ने प्रारंभिक शिक्षा एटा में ही शुरू की, लेकिन दसवीं की परीक्षा सेंट जार्ज कॉलेज मंसूरी से उत्तीर्ण की।

राम मनोहर लोहिया विवि लखनऊ से व एलएलबी की उपाधि आनर्स के साथ उत्तीर्ण की

बीपीएस कॉलेज आरके पुरम नई दिल्ली से 12वीं की परीक्षा उत्तीर्ण करने के बाद उन्होंने विधि क्षेत्र में जाने का मन बनाया तथा क्लेट परीक्षा उत्तीर्ण करते हुए राम मनोहर लोहिया विश्वविद्यालय लखनऊ से व एलएलबी की उपाधि आनर्स के साथ उत्तीर्ण की। पढ़ाई लिखाई में लगनशील रहने के साथ उन्होंने 2022 में दिल्ली बार एसोसिएशन में परीक्षा पास कर अपना पंजीकरण कराया, लेकिन इस समय सिविल सर्विसेज की तैयारी भी शुरू कर दी।

अगले ही साल यूपीएससी परीक्षा दी, लेकिन तैयारी पूरी न हो पाने के कारण सफलता नहीं मिली, लेकिन उन्होंने हिम्मत नहीं हारी। विधि क्षेत्र से जुड़े रहते हुए वह सिविल सर्विसेज की तैयारी में लग गए और उन्होंने 2025 की यूपीएससी परीक्षा दी।

प्रवीण ने यूपीएससी में 582वीं रैंक प्राप्त की 


शुक्रवार को परीक्षा परिणाम आया और उन्होंने कमाल कर दिखाया। प्रवीण ने यूपीएससी में 582वीं रैंक प्राप्त की है। यूपीएससी में बेहतर रैंक पाने की जानकारी परिवार को प्राप्त होने के साथ ही पूरे मुहल्ले में खुशी का माहौल है। पांच बहन भाइयों में सबसे छोटे प्रवीण की सफलता पर परिवार को भी नाज है। घर पर मौजूद प्रवीण के पिता ने बताया कि होली पर ही घर आए थे, उसे समय नहीं मालूम था कि इतनी जल्दी यह खुशी मिलेगी।

पहले प्रयास में सफल नहीं हुए तो हिम्मत नहीं हारी

बताया कि प्रवीण पहले प्रयास में सफल नहीं हुए तो हिम्मत नहीं हारी और लगातार यूपीएससी की सफलता के लिए प्रयास कर रहे थे और आज यह मेहनत सफल हुई। 25 वर्ष की उम्र में यह सफलता प्राप्त की है। उधर संजय नगर स्थित आवास पर देर रात तक शुभचिंतकों का पहुंचना जारी रहा। इस मध्य लोगों ने मिष्ठान खिलाकर अपनी खुशी व्यक्त की। इस दौरान प्रवीण के ताऊ शिक्षाविद राजेश यादव, डा. संजय यादव, दिनेश यादव नावली, शिवनंदन यादव, डा. मनोज यादव आदि शुभचिंतक मौजूद थे।

सेल्फ स्टडी आगरा से की

इसके अलावा नयागांव के राजेश यादव के पुत्र आयुष यादव ने पहले प्रयास में ही बाजी मार ली। उन्हें 143वीं रैंक मिली है। उनकी मां वीरवती और पिता से पढ़ाई की प्रेरणा मिली। शहर के सेंट पाल्स स्कूल से इंटर तक की पढ़ाई की। इसके बाद बीटेक भोपाल से किया। सेल्फ स्टडी आगरा से की है। बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है।