जहरीली चाय से दो चचेरी बहनों की मौत, चार बीमार
थाना निधौली कलां क्षेत्र के गांव नगला सेवा में जहरीली चाय पीने से दो मासूम बहनों की मौत हो गई जबकि उनके परिवार के चार सदस्यों की हालत बिगड़ गई जिन्हें आगरा में भर्ती कराया गया है।
एटा,जागरण संवाददाता, : थाना निधौलीकलां क्षेत्र के गांव नगला सेवा में जहरीली चाय पीने से दो मासूम बहनों की मौत हो गई। परिवार के चार सदस्यों की हालत बिगड़ गई। उन्हें आगरा में भर्ती कराया गया है।
गांव नगला सेवा में बुजुर्ग महिला ने चाय बनाई थी। इसे पूरे परिवार ने पी लिया। थोड़ी ही देर बाद चाय पीने वालों को उल्टियां होने लगीं और उनकी हालत बिगड़ गई। योगेंद्र की पुत्री उरवि (5) और उसकी चचेरी बहन मुस्कान (7) पुत्री होशियार सिंह की हालत बिगड़ गई। ग्रामीण दोनों बच्चियों को लेकर एक निजी चिकित्सक के यहां पहुंचे। वहां उपचार के दौरान दोनों बच्चियों की मौत हो गई। वहीं परिवार के ही योगेंद्र, होशियार सिंह और योगेंद्र का पुत्र सुमित व एक अन्य भी बेहोश हो गए। इन्हें भी निजी चिकित्सक के यहां लाया गया। सबकी हालत गंभीर होने के कारण तत्काल इन्हें आगरा भेज दिया गया। पुलिस ने बताया कि चाय मृतक बच्चियों की दादी ने बनाई थी। उन्होंने चाय की पत्ती की जगह एक कीटनाशक पदार्थ धोखे से डाल दिया। इससे चाय जहरीली हो गई। चाय पीते ही पूरा परिवार बीमार पड़ गया। ग्रामीण पीड़ितों को सरकारी अस्पताल नहीं लाए और प्राइवेट डाक्टरों से ही इलाज कराते रहे। पुलिस को भी मामले की जानकारी घटना के कई घंटे के बाद हो सकी। उधर, पीड़ित परिवार में कोहराम मचा हुआ है, जबकि आगरा में भर्ती चार लोगों की हालत में सुधार है।