अंगदपुर में मुख्य मार्ग बना दल-दल, फरियादें बेकार
विकास के वादे और योजनाएं सकीट क्षेत्र के गांव अंगदपुर में दम तोड़ती
एटा, जागरण संवाददाता: विकास के वादे और योजनाएं सकीट क्षेत्र के गांव अंगदपुर में दम तोड़ती दिख रही हैं। अन्य विकास कार्य तो दूर गांव का मुख्य मार्ग ही दल-दल के हालातों में समस्या बना हुआ है। भले ही विकास के लिए जनप्रतिनिधि और अधिकारी आश्वासन देते रहे, लेकिन सब फरियादें बेकार ही हैं। स्कूली बच्चों को तो इतनी परेशानी है कि वह साफ-सुथरे स्कूल तक पहुंच ही नहीं पाते।
अंगदपुर गांव के मुख्य मार्ग की स्थिति आज नहीं बल्कि पिछले कई सालों से खराब है। बारिश के मौसम में तो लोगों को रास्ता छोड़कर गलियों का सहारा लेना पड़ता है। फिलहाल भी कीचड़ भरा यह जर्जर मार्ग अपनी बदहाली पर आंसू बहा रहा है। मार्ग को सही कराने के लिए गांव के लोग जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों को तमाम शिकायतें कर चुके हैं, लेकिन आज तक कोई सुनवाई नहीं हुई। स्कूल के बच्चे इसी कीचड़ भरे मार्ग से गुजरकर जैसे-तैसे स्कूल तक पहुंच पाते हैं। बाइक सवारों को तो आए दिन चोटिल होना पड़ता है। मार्ग पर ज्यादा जलभराव होने की स्थिति में बच्चों को दूर रास्ते से गुजरना होता है। ग्रामीण मार्ग की बदहाली पर परेशान हैं और सुनवाई न होने से अब आंदोलन का मन बना रहे हैं। पूर्व प्रधान राधेश्याम, रामसेवक वर्मा, अमर सिंह वर्मा, मोती वर्मा, भूप सिंह, राम सिंह, मनोज वर्मा, प्रेम सिंह वर्मा, मानपाल वर्मा, महीपाल सिंह, अजय पाल सिंह, अश्वनी कुमार आदि ने मांग की है कि जल्दी ही सकारात्मक कार्रवाई न हुई तो सभी मिलकर प्रदर्शन करेंगे।