एटा में धनतेरस पर बाजारों में बरसा धन
सर्राफा बर्तन इलेक्ट्रोनिक्स आटोमोबाइल बाजार पर कुबेर कृपा कस्बाई क्षेत्रों के बाजारों में भी खूब खरीदारी
एटा: पांच दिवसीय दीपोत्सव के पहले दिन शहर के बाजार गुलजार रहे। धनतेरस पर बाजारों पर जमकर धनवर्षा हुई। बाजारों में बर्तन, ज्वैलरी और इलेक्ट्रोनिक सामान की जमकर बिक्री हुई। कुछ लोग शुक्रवार को भी धनतेरस मनाएंगे।
पर्व पर आटोमोबाइल, मोबाइल और इलेक्ट्रोनिक बाजार सब पर भारी रहे। वहीं सर्राफा और बर्तन बाजारों में भी खूब भीड़ उमड़ी। गुरुवार से शुरू हुए दीपोत्सव पर्व के पहले ही दिन बाजार खिल उठे। खरीदारी से करोड़ों का कारोबार हुआ है। कोरोना काल में ठप रहे कारोबार के बाद अब व्यवसायियों के चेहरे कुबेर की कृपा से खिलखिला उठे। शहर और कस्बों में कुछ न कुछ नया खरीदने का पर्व धनतेरस गुरुवार को परंपरागत उत्साह से मनाया गया। मध्यमवर्गीय लोग हों या धनाढ्य, सभी ने इस पर्व पर अपनी सामर्थ्य के अनुसार बाजारों से कुछ न कुछ खरीदकर पर्व की परंपरा को निभाया। घरों में धन के देव कुबेर का पूजन कर जहां धन-दौलत की कामना की गई तो आयुर्वेद प्रवर्तक भगवान धनवंतरि की पूजा से परिजनों के उत्तम स्वास्थ्य की कामना की गई। देव मूर्तियों और बर्तनों की जमकर बिक्री:
धनतेरस पर देव मूर्तियों और बर्तनों की जमकर बिक्री हुई। सर्राफा बाजार में चांदी के सिक्कों की भी मांग रही। हालांकि आभूषणों की बिक्री अपेक्षाकृत कम रही। लोगों ने रोजमर्रा में काम आने बर्तनों की खरीद की। मोबाइल ने पीछे छोड़ा इलेक्ट्रोनिक बाजार:
इलेक्ट्रोनिक सामान के शोरूम पर घरेलू जरूरतों के हिसाब के उत्पाद खरीदने में लोगों की अधिक दिलचस्पी रही। फ्रिज, एलइडी टीवी, वाशिग मशीन के अलावा लैपटाप और कंप्यूटर भी खरीदे गए। हालांकि कारोबार के मामले में इन सबको मोबाइल फोन ने पछाड़ दिया। मोबाइल के हर शोरूम पर लोगों की भीड़ नजर आई। इलेक्ट्रोनिक्स से ज्यादा व्यवसाय मोबाइल का माना जा रहा है।