मंदिरों में मां कालरात्रि की हुई जय-जयकार
नवरात्र पर्व में धार्मिक आयोजनों की धूम मची हुई है। सप्तम दिवस माता कालरात्रि के पूजन को जनपद के देवी मंदिरों पर श्रद्धालु उमडे।
जागरण संवाददाता, एटा: नवरात्र पर्व में धार्मिक आयोजनों की धूम मची हुई है। सप्तम दिवस माता कालरात्रि के पूजन को जनपद के देवी मंदिरों पर श्रद्धालु उमड़े। धार्मिक कार्यक्रमों की धूम रही।
शहर के पथवारी मंदिर, जनता दुर्गा मंदिर, मौनी बाबा की मठिया, बालाजी मंदिर व शांतीनगर के दुर्गा मंदिर पर श्रद्धालुओं के उत्साह का अतिरेक देखते ही बन रहा था। जहां लोग माता रानी के पूजन के लिए अपनी बारी आने की प्रतीक्षा कर रहे थे। सुबह लोगों ने माता रानी की प्रतिमाओं का जलाभिषेक व दुग्धाभिषेक कर पूजन किया। महिलाओं ने माता को नाच गाकर मनाया और सुख और सौहार्द्र की कामना की।
शहर के जीटी रोड पर धार्मिक आयोजन शुरू होने के मद्देनजर माता के भजन गाते हुए कलश यात्रा विभिन्न मार्गों से होकर गुजरी। भक्ति से सराबोर महिलाएं माता की जय-जयकार कर रहीं थीं। श्रद्धालुओं द्वारा नित्य निकाली जा रही माता की पालकी कई मुहल्लों में दर्शन कराने के बाद फिर पथवारी मंदिर पहुंची।
शाम को भी मंदिरों में आरती के साथ भक्तों की श्रद्धा उमड़ते दिखी। शहर में सप्तमी को ही भंडारों की धूम रही। शहीद पार्क में प्रेस क्लब तथा दुर्गा मंदिर आगरा रोड पर भी श्रद्धालुओं ने भंडारे आयोजित किए।
अलीगंज: कस्बा में नवरात्र पर्व पर माहौल भक्तिमय बना हुआ है। नगर के माता काली मंदिर पर भागवत कथा आयोजन में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती नजर आई। कार्यक्रम के दौरान पहुंचे एसएसपी आशीष कुमार तिवारी ने माता रानी की आरती उतारी। इस मौके पर मुख्य संयोजक दिनेशचंद्र गुप्ता व पालिकाध्यक्ष ब्रजेश गुप्ता ने उनका स्वागत कर प्रतीक ¨चह भेंट किए।