अगले सप्ताह रामलला के दर्शन करने जाएंगे कल्याण
पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह रामलला के दर्शन करने के लिए अगले सप्ताह अय
एटा, जागरण संवाददाता: पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह रामलला के दर्शन करने के लिए अगले सप्ताह अयोध्या जाएंगे। उनके साथ कुछ सांसद और विधायक भी होंगे। स्वास्थ्य कारणों और कोरोना संकट के चलते वे राम मंदिर के लिए हुए भूमि पूजन कार्यक्रम में नहीं पहुंच पाए थे।
अयोध्या आंदोलन में कल्याण सिंह मुख्य भूमिका में रहे। बार- बार यह इच्छा भी जताते रहे कि अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण होते देखें। एटा के सांसद राजवीर सिंह ने बताया कि राम मंदिर का भूमि पूजन होने के साथ ही उनके पिता की इच्छा पूरी हुई है। आंदोलन के दौरान उन्होंने अग्रणी भूमिका निभाई। ढांचा विध्वंस के वक्त उन्होंने अपनी सरकार भी रामलला के लिए निछावर कर दी थी। सांसद ने कहा कि बाबूजी ने लिखित में आदेश पारित किया था कि राम भक्तों पर गोली नहीं चलाई जाए। संतों के निर्देशन में वे हमेशा सक्रिय रहे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अथक प्रयासों से उनके पिता का संकल्प पूरा हुआ है। अब मंदिर निर्माण शुरू हो चुका है, ऐसे में बाबूजी ने इच्छा जताई है कि रामलला के दर्शन करें। उन्होंने कहा कि अगले सप्ताह वे अपने पिता को अयोध्या में रामलला के दर्शन कराने ले जाएंगे। इस दौरान दर्जन भर सांसद और विधायक साथ जाएंगे।