भाजपा की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाएं कार्यकर्ता
रेलवे रोड स्थित निजी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में आयोजित भाजपा के मंडलीय प्रशिक्षण शिविर में बोले विधायक
मारहरा, एटा। भाजपा के मंडलीय प्रशिक्षण शिविर में विधायक वीरेंद्र लोधी ने कहा कि कार्यकर्ता पार्टी की नीतियों और जिम्मेदारी को समझें और उन्हें जनता के बीच ले जाएं। बौद्धिक जागरूकता कार्यकर्ताओं में जरूरी है।
रेलवे रोड स्थित निजी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में आयोजित शिविर में विधायक ने बताया कि स्वतंत्र भारत से पूर्व सिर्फ कांग्रेस पार्टी ही पूरे देश का नेतृत्व कर, तुष्टिकरण की राजनीति कर रही थी। उस वक्त हिदुओं की स्थिति बेहद दयनीय थी, लेकिन 1951 में श्यामाप्रसाद मुखर्जी के नेतृत्व में भारतीय जनसंघ की स्थापना हुई। इसके बाद पं. दीनदयाल उपाध्याय की विचारधारा के साथ पार्टी ने कार्य शुरू किए। जिला उपाध्यक्ष शकुंतला साहू ने कहा कि यह पार्टी की दूरदर्शिता और सबका साथ सबका विकास वाली सोच का ही परिणाम है कि आज पार्टी का जनाधार पूरे देश में है। सभी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को यह संदेश जन-जन तक पहुंचाना चाहिए। कार्यक्रम का समापन भाजपा नेता विजय कुमार शास्त्री द्वारा किया गया। संचालन विजेंद्र सिंह लोधी ने किया। अध्यक्षता मारहरा मंडल अध्यक्ष केपी सिंह लोधी ने की।