विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मैं विधायक का पीआरओ बोल रहा हूं, एटा में विवेचना प्रभावित करवाने वाला कॉलर गिरफ्तार

Published: Mon, 03 Aug 2026 02:39 PM (IST)

एक युवक ने खुद को विधायक का पीआरओ बताकर जैथरा थानाध्यक्ष पर एक कॉलेज केस की विवेचना अपने पक्ष में ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर।

सांकेतिक तस्वीर।

HighLights

  1. युवक ने खुद को विधायक का पीआरओ बताया।

  2. जैथरा थानाध्यक्ष पर विवेचना बदलने का दबाव।

  3. पुलिस ने जांच कर आरोपी को गिरफ्तार किया।

संवाद सहयोगी जैथरा। मैं विधायक का पीआरओ बोल रहा हूं, आप थानाध्यक्ष जैथरा बात कर रहे हैं। जवाब में यस सुनते ही आदेश दिया जाता है कि कालेज मैनेजमेंट के केस की विवेचना मेरे पक्ष में करें। उसमें कोई गड़बड़ी नहीं होनी चाहिए। विधायक पीआरओ के रूप में वार्ता कर रहे युवक की बातों पर थानाध्यक्ष को कुछ शक हुआ, तो उन्होंने जांच कराई। इसमें पूरा मामला खुल गया।

आरोपित नोएडा में एक प्राइवेट कंपनी में काम करता है। पुलिस ने आरोपित के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

फोन पर बातचीत में शक होने पर थाना प्रभारी ने कराई जांच

जैथरा थानाध्यक्ष सुनील कुमार वर्मा के सीयूजी मोबाइल नंबर पर 28 जुलाई को एक काल आई। कॉलर ने खुद को नगर विधायक का पीआरओ बताते हुए कॉलेज प्रबंधन से जुड़े एक मुकदमे की विवेचना उसके पक्ष में कराने का दबाव बनाया। कॉलर ने एसएसपी व एएसपी को भी उनके सीयूजी नंबर पर भी कॉल की।

फोन करने वाले की बातों पर पुलिस को शक हुआ तो थानाध्यक्ष ने उपनिरीक्षक निखिल कौशिक से मामले की जांच कराई। जांच से पाया गया कि कॉल करने वाला युवक विधायक का पीआरओ नहीं है। वह नोएडा में रहकर प्राइवेट नौकरी करता है।

अधिकारियों के पास भी किया था फोन, पुलिस को आरोपित की तलाश

फोन के आधार पर जांच की गई तो पाया गया कि उसका नाम सरदीप सिंह निवासी नगला गजपति थाना अलीगंज का निवासी है। आरोपित ने अपनी असली पहचान छिपाकर मुकदमे की कार्रवाई अपने पक्ष में करानी चाही। जांच से यह भी पाया गया कि युवक न तो पहले कभी किसी विधायक का पीआरओ रहा है और न ही वर्तमान में है। उपनिरीक्षक निखिल कौशिक की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।

यह भी पढ़ें- 16 अगस्त के बाद ये उपभोक्ता नहीं ले पाएंगे एलपीजी सिलिंडर, गैस कंपनियों ने किया अलर्ट

आरोपित गिरफ्तार किया गया

थानाध्यक्ष सुनील कुमार वर्मा ने बताया कि थाने में स्कूल मालिकाना हक को लेकर रिपोर्ट दर्ज है। मामला पुराना है। उसी प्रकरण में दबाव बनाने के लिए आरोपित ने फोन किया था। आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया। उसने बताया कि फोन करने के लिए उससे गांव के किसी व्यक्ति ने कहा था। इसकी भी जांच की जा रही है। आरोपित के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। विवेचना की जा रही है। कठोर कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें- यूपी में 5 से 18 अगस्त तक मिलेगा मुफ्त राशन: अंत्योदय कार्डधारकों को 35 KG, पात्र गृहस्थी को 5 किलो/यूनिट